शाहजहांपुर: इंटरलॉकिंग प्लांट से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।
विस्तार
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र में पुलिस ने इंटरलॉकिंग प्लांट से चोरी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पीलीभीत के रहने वाले आरोपी के पैर में गोली लगी है। जिस इंटरलॉकिंग प्लांट से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी किया गया था, वो प्लांट भाजपा विधायक की जमीन पर बना हुआ है।
बृहस्पतिवार तड़के निगोही पुलिस धुल्लिया चेकपोस्ट के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि चेकिंग के दौरान चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बीसलपुर मार्ग से पीलीभीत की ओर दो लोगों के जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर कच्चे रास्ते से जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम पर की फायरिंग
पीछा करने पर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पीलीभीत जिले के बीसलपुर थाना क्षेत्र के भड़ारी गांव निवासी बिंदु के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं, प्रतापगढ़ जिले के जेठवारा थाना क्षेत्र के काच्छा सुकुलपुर गांव निवासी रोहित सरोज को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
दो अक्तूबर की रात दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस ने घायल बिंदु को सीएचसी निगोही पहुंचाया, जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली दो अक्तूबर की रात ग्राम गुरगांव स्थित इंटरलॉकिंग प्लांट से चोरी की गई थी। इस मामले में निगोही थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।