सिद्धार्थनगर: सीएचसी शिलान्यास में भाजपा नेता से मारपीट, सांसद जगदंबिका पाल के छह समर्थकों पर केस दर्ज
21 नवंबर को सीएचसी बढ़नी के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने भाजपा सांसद जगदंबिका पाल के छह समर्थकों और दो दर्जन अज्ञात पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। विधायक समर्थक प्रदीप कुमार उर्फ प्रदीप कमलापुरी की शिकायत पर पुलिस ने यह मुकदमा दर्ज किया है।
विस्तार
बढ़नी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सह-संयोजक प्रदीप कुमार गुप्ता के साथ मारपीट और गला दबाकर हत्या की कोशिश के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। थाना ढेबरुआ पुलिस ने छह नामजद और दो दर्जन अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। मुकदमे में हत्या के प्रयास समेत भारतीय न्याय संहिता की छह धाराएं लगाई गई हैं।
21 नवंबर को हुई थी घटना
घटना 21 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे सीएचसी बढ़नी के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान हुई थी। शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार गुप्ता कार्यक्रम में मंच पर मौजूद थे। यह कार्यक्रम विधायक विनय वर्मा की ओर से आयोजित किया गया था। इसी दौरान सांसद जगदंबिका पाल अपने साथ करीब 50 से 60 लोगों को लेकर कार्यक्रम में पहुंचे थे।
गला पकड़कर जोर से दबाने का आरोप
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि सांसद के साथ आए कुछ लोगों ने प्रदीप कुमार गुप्ता को गालियां देनी शुरू कर दीं। इसके बाद विधायक का समर्थक समझकर उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
एफआईआर में रिंकू पाल पर प्रदीप कुमार गुप्ता का गला पकड़कर जोर से दबाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने घटना के दौरान पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के मौजूद रहने के बावजूद बीच-बचाव नहीं किए जाने की बात भी प्राथमिकी में कही है।
दो दर्जन अज्ञात लोग भी आरोपी
पुलिस ने मामले में अनिल अग्रहरि, सूर्य कुमार पांडेय उर्फ पहलवान, मुरारी सिंह, पंकज चतुर्वेदी, कैलाश और रिंकू पाल को नामजद किया है। इनके अलावा दो दर्जन अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
