महराजगंज। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद आगमन निर्धारित है। मुख्यमंत्री सिसवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेम सागर पटेल की पत्नी के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देंगे।
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने तैयारियां की हैं। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने ग्राम पिपरा बाबू स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हेलीपैड, पार्किंग स्थल, आगमन एवं प्रस्थान मार्गों का जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार : पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि कार्यक्रम स्थल को 4 जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में अधिकारियों की स्पष्ट जिम्मेदारी तय की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में अपर पुलिस अधीक्षक, 5 क्षेत्राधिकारी , 15 प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 10 निरीक्षक, 130 उपनिरीक्षक, 600 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 60 महिला आरक्षी, फायर ब्रिगेड तथा 2 कंपनी पीएसी बल तैनात किया गया है। एलआईयू, स्वाट, एसओजी टीमों को लगातार सक्रिय रखा गया है। भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, सुदृढ़ बैरिकेडिंग और सघन चेकिंग की व्यवस्था की गई है। हेलीपैड की सुरक्षा के लिए शिफ्ट वॉर सशस्त्र गार्ड तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और आसपास के खेतों, झाड़ियों व परिसर में एंटी-सैबोटाज चेकिंग नियमित रूप से की जा रही है।