सिद्धार्थनगर: डीजे की तेज आवाज के बीच दो दिन के नवजात की मौत, पिता ने की पोस्टमार्टम की मांग
मामले की जानकारी मिलने पर शोहरतगढ़ के क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी बुधवार रात करीब 2:15 बजे पुलिस बल के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विस्तार
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी कस्बे के वार्ड नंबर नौ में दो दिन के नवजात की मौत का मामला सामने आया है। बच्चे के पिता जावेद मनिहार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि घर के पास तेज आवाज में डीजे बजने के कारण बच्चे की मौत हुई हो सकती है। मौत का सही कारण जानने के लिए उन्होंने पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
तहरीर के मुताबिक, वार्ड नंबर नौ स्थित रामजानकी मंदिर के पास रहने वाले सई मोहम्मद के पुत्र जावेद मनिहार के बेटे का जन्म 19 अक्तूबर को हुआ था। 20 अक्तूबर की रात करीब 11:30 बजे नवजात की मौत हो गई। पिता ने घर के पास तेज आवाज में डीजे बजने को मौत की आशंका से जोड़ते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है।
मामले की जानकारी मिलने पर शोहरतगढ़ के क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी बुधवार रात करीब 2:15 बजे पुलिस बल के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।