महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में सोमवार रात राजा बरियार शाह नाइट कैनवस क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मैच में आरसीसी रामनगर दुद्धी ने 50 रन से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। टूर्नामेंट का शुभारंभ अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री सुरेंद्र अग्रहरि और जिला पंचायत सदस्य जुबेर आलम ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और बल्ले से शॉट लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि जीत सिंह खरवार ने कहा कि यह मैदान क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने खेल मैदान के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।उद्घाटन मैच में आरसीसी रामनगर दुद्धी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 142 रन बनाए। जवाब में बंशीधर नगर की टीम नौ विकेट पर 92 रन ही बना सकी। रामनगर दुद्धी ने 50 रन से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। शानदार बल्लेबाजी करने वाले सत्यम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 30 गेंदों में 79 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। दूसरे मुकाबले में मां काली दुद्धी ने फुलवार को हराकर जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में अंपायर की भूमिका नंदकिशोर कन्नौजिया और गोलू ने निभाई। इस अवसर पर मनोहर खरवार, उदय शर्मा, सत्यनारायण कन्नौजिया, विकास राज बबलू, शिवम कुमार, सोनू कुमार, सूरज कुमार, रविंदर कुमार, मनीष कुमार, सतेश कुमार आदि उपस्थित रहे।