आसान होगा सफर: यूपी की पहली और देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत 31 से चलेगी, वाराणसी से होगा संचालन
रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी है। यूपी की पहली और देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत 31 अक्तूबर से चलेगी। इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं।
विस्तार
नई दिल्ली और वाराणसी के बीच देश की दूसरी और उत्तर प्रदेश की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन जल्द शुरू होने जा रहा है। इस हाई-स्पीड स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ 31 अक्तूबर को वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान किए जाने की तैयारी है। इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं।
31 अक्तूबर को इस ट्रेन का संचालन एक स्पेशल ट्रेन के रूप में किया जाएगा। वहीं, इसकी समय सारिणी को लेकर जल्द ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किए जाने की उम्मीद है। हालांकि, इसकी समय सारिणी और ट्रेन नंबर जारी हो चुके हैं।
अमर उजाला ने पिछले महीने ही अपनी एक रिपोर्ट में वाराणसी और नई दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने की संभावना जताई थी। उद्घाटन के दिन स्लीपर वंदे भारत को सुबह 11:00 बजे वाराणसी से चलाया जा सकता है।
सीएम योगी और रेलमंत्री वाराणसी सिटी से राजातालाब तक चलने वाली मेमू ट्रेन, वाराणसी से साबरमती और बनारस स्टेशन से प्रयागराज रामबाग तक चलने वाली मेमू ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
नियमित होने पर सप्ताह में छह दिन चलेगी स्लीपर वंदे भारत
स्लीपर वंदे भारत का संचालन सप्ताह में छह दिन किया जाएगा। यह ट्रेन शनिवार को नहीं चलेगी। वाराणसी से नई दिल्ली के लिए ट्रेन संख्या 27421 रात 08:50 बजे वाराणसी से रवाना होगी और रात 10:35 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।
यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन रात 10:40 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद रात 12:40 से 12:45 बजे कानपुर सेंट्रल होते हुए यह ट्रेन अगले दिन सुबह 05:55 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी की दिशा में नई दिल्ली से वाराणसी जाने वाली ट्रेन संख्या 27422 रात 09:40 बजे नई दिल्ली से छूटेगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 04:45 से 04:50 बजे प्रयागराज और सुबह 06:45 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इसके संचालन की तिथि की घोषणा जल्द ही होने की उम्मीद है।