वाराणसी में कोरोना का कहर: काशी विश्वनाथ और अन्नपूर्णा मंदिर आने के लिए कोरोना निगेटिव रिपोर्ट जरूरी
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कमिश्नर ने लोगों से अपील की है कि जरूरी न हो तो वाराणसी न आएं। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले भक्त कोरोना की जांच रिपोर्ट जरूर लेकर आएं।
विस्तार
काशी विश्वनाथ मंदिर और अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन के लिए कोरोना की जांच रिपोर्ट के बिना प्रवेश नहीं मिलेगा। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए यह निर्देश जारी किया है। उन्होंने जन सामान्य से अपील की है कि वाराणसी आने से फिलहाल परहेज करें। यदि कोई जरूरी कार्य न हो तो आसपास के जनपदों से लोग वाराणसी न आएं और अपने घरों पर ही रहें।
कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बताया कि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर एवं अन्नपूर्णा मंदिर में भी दर्शनार्थ आने वाले भक्तों का 3 दिन पूर्व का कोरोना का आरटी-पीसीआर टेस्ट निगेटिव होना चाहिए। अन्यथा उन्हें मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
संकटमोचन मंदिर में आने वाले भक्त भी कोरोना निगेटिव रिपोर्ट लाएं
कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बताया कि संकटमोचन मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले भक्तों का तीन दिन पूर्व का कोरोना का आरटी पीसीआर टेस्ट निगेटिव होना चाहिए। नहीं तो उन्हें मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
कोरोना के मिले 828 मरीज, एक्टिव मरीजों की संख्या हुई 9607
वाराणसी में बुधवार को सुबह ही 828 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब एक्टिव मरीजों का आंकड़ा भी धीरे-धीरे 10,000 के करीब पहुंच रहा है। स्वास्थ विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, बुधवार को सुबह मिली 3868 लोगों की रिपोर्ट में 828 नए मरीज मिले हैं। अब जिले में नए संक्रमित मरीजों की संख्या के 33,292 पहुंच गई है। इसमें 23,280 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं जबकि 405 मरीजों की मौत के बाद अब 9607 एक्टिव मरीज हैं। जिस तरह मरीजों की संख्या बढ़ रही है उससे आज ही शाम तक एक्टिव मरीजों की संख्या दस हजार के पार पहुंच सकती हैं।