किसान सम्मान निधि: पति-पत्नी दोनों के खातों में पहुंच रही किस्त, मिर्जापुर में 9660 दंपती जांच के दायरे में
मिर्जापुर जिले में पति-पत्नी दोनों के खातों में किसान सम्मान निधि का किस्त पहुंचने का मामला सामने आया है। दोहरा लाभ लेने वाले कुल 9660 दंपती चिह्नित किए गए हैं। इसकी सूची शासन को भेजी गई है।
विस्तार
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में जिले में दोहरे लाभ का मामला सामने आया है। एक ही किसान परिवार में पति और पत्नी दोनों के खातों में सम्मान निधि पहुंच रही है। कृषि विभाग की जांच में ऐसे 9660 दंपती चिह्नित किए गए हैं।
योजना के नियमों के अनुसार पति, पत्नी और नाबालिग बच्चों को एक किसान परिवार माना गया है। ऐसे में एक ही परिवार के पति और पत्नी दोनों अलग-अलग सम्मान निधि का लाभ नहीं ले सकते। विभाग ने चिह्नित लाभार्थियों की सूची शासन को भेज दी है। सत्यापन के बाद अपात्र पाए जाने वालों की सम्मान निधि पर रोक लग सकती है।
इसे भी पढ़ें; अर्थव्यवस्था: 500 करोड़ की देव दीपावली, होटल-आवास से 180 करोड़ और नाव-क्रूज से 90 करोड़ का कारोबार
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का उद्देश्य किसानों को खाद, बीज, कृषि उपकरण और अन्य खेती संबंधी जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसके तहत पात्र किसान परिवार को सालाना छह हजार रुपये तीन किस्तों में दिए जाते हैं। प्रत्येक चार महीने पर दो हजार रुपये सीधे बैंक खाते में भेजे जाते हैं।
ब्लॉकवार दोहरा लाभ लेने वाले दंपती
कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार दोहरा लाभ लेने वाले मामलों में छानबे ब्लॉक सबसे आगे है। यहां 1332 दंपती चिह्नित किए गए हैं। राजगढ़ में 1249 और नरायनपुर में 1148 जोड़े सामने आए हैं। जमालपुर में भी 1073 दंपती दोनों के नाम पर सम्मान निधि ले रहे हैं। सिटी ब्लॉक में 964, पटेहरा में 737, पहाड़ी में 728, हलिया में 593, मझवां में 591, लालगंज में 460, सीखड़ में 396 और कोन में 389 दंपती चिह्नित किए गए हैं।
क्या बोले अधिकारी
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में एक किसान परिवार से केवल एक ही व्यक्ति लाभ पाने का पात्र है। पति और पत्नी दोनों के नाम पर लाभ लेने के मामले जांच में सामने आए हैं। ऐसे 9660 मामलों की सूची शासन को भेज दी गई है। शासन के निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-विकेश कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक
