सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Bageshwar News ›   consumers were unable to receive gas cylinders due to the lack of DAC codes in pithoragarh

पिथौरागढ़ में सर्वर ठप: गैस सिलिंडर के इंतजार में बीता दिन, लौटे खाली हाथ

संवाद न्यूज एजेंसी Published by: गायत्री जोशी Updated Thu, 12 Mar 2026 01:13 PM IST
विज्ञापन
सार

पिथौरागढ़ जिले में सर्वर ठप होने से गैस बुकिंग और डीएसी कोड नहीं मिलने के कारण उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलिंडर के लिए खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

consumers were unable to receive gas cylinders due to the lack of DAC codes in pithoragarh
पिथौरागढ़ के टकाना में रसोई गैस सिलिंडर बांटने पहुंचे एजेंसी कर्मी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार

पिथौरागढ़ सीमांत जिले में उपभोक्ताओं को रसोई गैस सिलिंडर मिलना मुश्किल हो गया है। पहले ही 25 दिन बाद सिलिंडर रिफिल होने का नियम लागू हुआ है। अब इस व्यवस्था के तहत बुकिंग और डिलिवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) नहीं आने से दिक्कत बढ़ गई है। सर्वर ठप होने से न तो बुकिंग हुई और न डीएसी कोड मिला तो रसोई गैस भी नहीं बंटी। ऐसे में उपभोक्ताओं को खाली सिलिंडर लेकर लौटना पड़ा।

Trending Videos

नियमों के मुताबिक सिलिंडर रिफिल कराने के लिए बुकिंग के बाद उपभोक्ता के मोबाइल नंबर पर डीएसी कोड आना जरूरी है। जिले भर में एक लाख से अधिक रसोई गैस उपभोक्ता हैं। हर रोज 15 हजार से अधिक उपभोक्ता सिलिंडर रिफिल कराते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

बुधवार को नगर के रई, टकाना, सिलौली, मड़खड़ायत सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में गैस वाहन सिलिंडर लेकर पहुंचे। बुकिंग के बाद भी डीएसी कोड मोबाइल पर नहीं आया तो एजेंसी कर्मियों ने सिलिंडर देने से मना कर दिया। ऐसे में उपभोक्ताओं को खाली सिलिंडर लेकर लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं ने कहा कि घर में रसोई गैस खत्म है। सिलिंडर रिफिल न होने से अब खाना पकाना भी चुनौती होगा।


मुनस्यारी में दो दिन बाद पहुंचा वाहन, कोड के बिना नहीं मिली गैस
 पर्यटन नगरी में बमुश्किल दो दिन बाद गैस वाहन पहुंचा। वाहन में 234 सिलिंडर तो एजेंसी में पहुंचे। कुरीजिमिया, वल्थी, पैंकुती सहित अन्य गांवों से उपभोक्ता 40 से 60 किमी सफर कर सिलिंडर रिफिल कराने पहुंचे। सर्वर डाउन होने से न तो बुकिंग हुई और न डीएसी कोड मिल सका। ऐसे में 80 से अधिक उपभोक्ताओं को खाली सिलिंडरों के साथ बैरंग घर लौटना पड़ा। संवाद

होटल कारोबारियों के पास सिर्फ दो दिन का स्टॉक
गर्मी बढ़ते ही पर्यटक मुनस्यारी का रुख करने लगे हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए होटल कारोबारियों में खुशी थी। इसी बीच कॉमर्शियल सिलिंडर मिलने पर रोक लगने से कारोबारियों की दिक्कत बढ़ गई है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष पूरन पांडे ने बताया कि कारोबारियों के पास रसोई गैस का सिर्फ दो दिन का स्टॉक है। यदि रसोई गैस नहीं मिली तो क्षेत्र के होटलों में काम प्रभावित हो जाएगा।


सिलिंडर रिफिल कराने के लिए घंटों लाइन में लगकर इंतजार किया। एजेंसी ने डीएसी कोड न आने पर रसोई गैस देने से मना कर दिया। इस तरह के नियम हम पर भारी पड़ रहे हैं। - सरोज मखौलिया, रई

बुकिंग के बाद भी सिलिंडर रिफिल नहीं हो सका। कई उपभोक्ताओं की बुकिंग न होने से दिक्कत बढ़ गई है। इस प्रक्रिया को सरल बनाना चाहिए। - हेम पांडे, रई

सर्वर डाउन होने से डीएसी कोड नहीं आ रहा है। नियमों के तहत बगैर कोड के सिलिंडर नहीं मिल सकते। सर्वर ठीक होने पर इस समस्या का समाधान हो जाएगा। हर जगह इस तरह की दिक्कत आ रही है। घरेलू सिलिंडर का पर्याप्त स्टॉक है। आपूर्ति भी बराबर हो रही है। उपभोक्ताओं को चिंता करने की जरूरत नहीं है। - ऊषा राणा, प्रबंधक, इंडेन गैस एजेंसी, पिथौरागढ़

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed