Uk: बदमाशों ने तलवार दिखाकर लूटी बाइक, फायर झोंका; पुलिस की जवाबी फायरिंग के बाद खेतों में भागे तीन आरोपी
सितारगंज में बाइक लूट के आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद तीन आरोपी फरार हो गए जबकि पुलिस ने एक आरोपी के पिता को गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक बरामद कर ली है।
विस्तार
सितारगंज में बाइक लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने फायर झोंक दिया। आत्मरक्षा में पुलिस को भी जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। घटना के बाद तीन आरोपी फरार हो गए जबकि पुलिस ने एक आरोपी के पिता को गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक बरामद कर ली है।
बीते मंगलवार की देर शाम को गांव लामाखेड़ा निवासी अरुण सिंह राणा ने पुलिस को सूचना दी कि वह बाइक से गांव औदली स्थित पेट्रोल पंप जा रहा था। रास्ते में गांव भरौनी निवासी गुरमीत सिंह और उसके एक साथी ने उसकी गर्दन पर तलवार रख कर डराया-धमकाया और उसकी बाइक लूट कर फरार हो गए।
सूचना पर एसआई ललित चौधरी और एएसआई राकेश रौकली घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पीड़ित अरुण ने दोनों आरोपियों के गांव भरौनी की ओर भागने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम पूछताछ करते हुए आरोपी गुरमीत सिंह के घर पहुंची। एसआई ललित चौधरी ने बताया कि जैसे ही आरोपियों ने पुलिस टीम को उसके घर की ओर आता देखा तो वह घबरा गए। पिता मोहन सिंह के पुलिस टीम पर हमला करने के लिए कहने पर आरोपी गुरमीत, उसका भाई मक्खन सिंह और साथी घर के अंदर से तलवार और पाटल ले आए।
पुलिस के आत्मसमर्पण के लिए कहने पर गुरमीत ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। फायर मिस होने से पुलिसकर्मियों की जान बच गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी दो राउंड फायरिंग की जिससे घबराकर तीनों आरोपियों खेत की ओर भाग निकले। बाद में पुलिस ने आरोपियों का पीछा कर गुरमीत के पिता मोहन सिंह (68) को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अभियुक्त गुरमीत सिंह, उसका भाई मक्खन सिंह और एक अन्य साथी भागने में कामयाब हो गए।
पूछताछ में मोहन सिंह ने बताया कि गुरमीत और मक्खन उसके बेटे हैं जबकि तीसरा साथी इंद्रजीत उर्फ दिलबाग है। बेटे गुरमीत और इंद्रजीत ने मिलकर बाइक लूटी थी जिसे वह घर लेकर आया था। वे लोग घर में बाइक छिपाने की बात कर रहे थे कि पुलिस पहुंच गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की गई थी। पुलिस ने लूटी गई बाइक को मौके से बरामद कर लिया है।
फरार तीनों आरोपियों और पकड़े गए आरोपी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, जान से मारने की कोशिश, मारपीट और धमकी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - बीएस धौनी, सीओ, सितारगंज