Uttarakhand: हल्द्वानी में महिलाओं के मोबाइल चुराने वाले झारखंड निवासी दो शातिर गिरफ्तार
हल्द्वानी में महिलाओं के मोबाइल चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए झारखंड के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
हल्द्वानी में दो महिलाओं के मोबाइल चुराने वाले झारखंड के दो शातिर चोरों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। 30 जनवरी को मंगलपड़ाव सब्जी मंडी और सदर बाजार में एक के बाद एक मोबाइल चोरी की दो घटनाएं हुईं। मामले में महिलाओं की ओर से कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। कोतवाल विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान की।
शनिवार को मंडी बाईपास से सुजन मुखर्जी निवासी छोटा तितुलिया हाथीघर जिला साहिबगंज झारखंड और मन्नी नोनिया निवासी ग्राम बाओपुर थाना तीन पहाड़ साहिबगंज झारखंड को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। उनके पास से चोरी किए मोबाइल बरामद कर लिए हैं।
बच्चे का सहारा लेकर कराई थी चोरी
पुलिस के मुताबिक झारखंड निवासी दोनों युवक बेहद शातिर हैं। उन्होंने मोबाइल चोरी में एक बच्चे का सहारा लिया था जो पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि इस तरह का गिरोह नाबालिग बच्चों का सहारा लेता है ताकि पकड़े जाने पर माल बरामद न हो। ये शातिर घुमंतू प्रजाति के होते हैं, इनके पते की भी तस्दीक की जा रही है।
पकड़े गए दोनों युवकों का रूट चार्ज ट्रेस किया जा रहा है ताकि पूर्व में उनके द्वारा की गई वारदातों का पता चल सके। - मनोज कत्याल, एसपी सिटी
