UK: वन कर्मियों पर लकड़ी तस्करों ने झोंके फायर, जवाब में गश्ती टीम ने भी की 15-16 राउंड की फायरिंग; आरोपी फरार
रामनगर रेंज के जंगल में खैर की लकड़ी काट रहे तस्करों ने वन कर्मियों पर फायरिंग की, जवाब में विभाग ने भी 15-16 राउंड फायर किए। करीब आधे घंटे की गोलीबारी के बाद तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तराई पश्चिमी वन प्रभाग की रामनगर रेंज के जंगल में शनिवार तड़के तस्करों की ओर से वन कर्मियों पर कई राउंड फायर झोंकने का मामला सामने आया है। आरोपी खैर की लकड़ी काटने के लिए जंगल में घुसे थे। इसी बीच वन विभाग की गश्ती टीम का गुलजारपुर बीट के एन-2 क्षेत्र में तस्करों से आमना-सामना हो गया। वन कर्मियों की घेराबंदी होते ही तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में वन विभाग की टीम ने भी करीब 15-16 राउंड फायरिंग की। करीब आधे घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद तस्कर अंधेरे और घने जंगल का फायदा उठाकर भाग गए।
रेंजर शेखर तिवारी ने बताया कि वन विभाग की टीम ने करीब 15 से 16 राउंड फायर किए। घटना के बाद वन विभाग ने पूरे जंगल में सघन कांबिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान तस्करों की तीन मोटरसाइकिलें घटनास्थल से बरामद हुईं, जिन्हें जब्त कर जुड़का वन परिसर में खड़ा करा दिया गया है। मौके पर खैर के पेड़ों के अवैध कटान के भी साक्ष्य मिले हैं जिसकी जांच की जा रही है।
पूर्व में भी हो चुके हैं वनकर्मियों पर हमले
- 21 फरवरी 2025 - भाखड़ा रेंज के वन दरोगा मनोज कुमार मेलकानी और वन दरोगा मोहन सिंह चौहान के साथ लामाचौड़ के वन निगम कटान प्लॉट के गेट नंबर 27 के पास मारपीट की गई।
- 8 मई 2025 - वन विभाग के तराई पश्चिमी डिविजन वन प्रभाग के एसडीओ मनीष जोशी के आवास पर खननमाफिया का धमकी भरा पत्र।
- 4 मई 2024- तराई पश्चिमी वन प्रभाग क्षेत्र के खनन माफिया ने सुल्तानपुर पट्टी में गश्त करने वाली टीम को धमकाया। रतनपुरा गांव के पास डंपर मालिकों और उनके साथियों ने हमला कर दिया।
- 4 अगस्त 2024 - बरहैनी रेंज के केलाखेड़ा के पास रुद्रपुर वन विभाग की टीम में शामिल वन दरोगा हरीश नयाल को लाठी-डंडों से पीटा गया। बचाने आए दो वनकर्मियों को बंधक बनाया गया।
- 6 सितंबर 2024 - तराई केंद्रीय वन प्रभाग रेंज में वनकर्मियों की टीम पर पीपल पड़ाव रेंज में तस्करों ने गोली चला दी।
- 2 अप्रैल 2025 - तराई पश्चिमी वनप्रभाग के बंजारी गेट नंबर 2 में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गए प्रशासन की टीम पर हमला।
- अप्रैल 2026 – तराई पश्चिमी वन प्रभाग की उत्तरी कोसी बीट में खनन माफिया वनकर्मियों से सरकारी रायफल और ट्रैक्टर ट्रॉली छुड़ा ले गए थे।
- जून 2026 - तराई पश्चिमी वनप्रभाग के खनन गेटों में कार्रवाई के दौरान वनकर्मियों के साथ अभद्रता कर कब्जे से छह वाहन छुड़ा ले गए थे खनन माफिया।
मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं। पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
- प्रकाश चंद्र आर्या, डीएफओ, तराई पश्चिमी वनप्रभाग।