{"_id":"69a32f751b400d151305694a","slug":"bus-brakes-fail-in-tota-valley-drivers-presence-of-mind-saves-39-lives-shrinagar-news-c-5-1-drn1086-911990-2026-02-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Pauri News: तोता घाटी में बस के ब्रेक फेल, चालक की सूझ-बूझ से बची 39 जिंदगियां","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Pauri News: तोता घाटी में बस के ब्रेक फेल, चालक की सूझ-बूझ से बची 39 जिंदगियां
संवाद न्यूज एजेंसी, पौड़ी
Updated Sat, 28 Feb 2026 11:39 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos
देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता घाटी के पास एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल बच गया। कर्णप्रयाग से हरिद्वार जा रही जीएमओयू की एक बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। चालक ने साहस और सूझ-बूझ का परिचय देते हुए बस को गहरी खाई में गिरने से बचाने के लिए सड़क किनारे बने पिलर से टकरा दिया, जिससे बस रुक गई, इससे बस में सवार सभी 39 यात्रियों की जान बच गई।
कर्णप्रयाग के सुंदर गांव निवासी बस चालक जयंती प्रसाद पुत्र भगवती प्रसाद ने बताया कि तोता घाटी की ढलान पर अचानक गाड़ी के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया था। उन्होंने बताया कि बस की रफ्तार को कम करने के लिए उन्होंने कई बार सड़क किनारे पड़ी मिट्टी और पत्थरों पर टायर चढ़ाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन ढलान तेज होने के कारण बस नहीं रुकी। सामने मौत को देख उन्होंने साहस दिखाया और बस को सड़क किनारे बने सुरक्षा पिलरों से भिड़ा दिया। यदि बस पिलर से न टकराती तो वह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर सकती थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
बछेलीखाल चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने जानकारी दी कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। टक्कर के कारण बस में सवार पांच यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश भेज दिया गया है। बस में सवार शेष सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें अन्य वाहनों के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है।