Pithoragarh: धारचूला विधायक हरीश धामी ने महिला डॉक्टर पर लगाए अभद्रता के आरोप, कार्रवाई की मांग की
धारचूला विधायक हरीश धामी ने सीएचसी में तैनात महिला डॉक्टर पर फोन पर अभद्रता और गाली देने का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद सीएमओ ने डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
विस्तार
अधिकारियों के निरंकुश होने का आरोप लगाने वाले धारचूला के विधायक हरीश धामी फिर से चर्चाओं में हैं। इस बार उन्होंने धारचूला सीएचसी में तैनात महिला डॉक्टर पर मरीज के लिए एंबुलेंस उपलब्ध कराने के मामले में बात करने पर अभद्रता और गाली देने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले की डीएम, सीएमओ और स्वास्थ्य मंत्री से शिकायत कर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
धारचूला विधायक हरीश धामी की सोशल मीडिया पर एक पोस्ट चर्चाओं में है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को टैग कर लिखा है कि धारचूला सीएचसी से एंबुलेंस की सुविधा के लिए मरीज के परिजन की उनके (विधायक) पास कॉल आई कि एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। संबंधित व्यक्ति ने उनसे अस्पताल में मौजूद महिला डॉक्टर से फोन पर वार्ता करने की गुहार लगाई। जैसे ही उन्होंने (विधायक ने) संबंधित डॉक्टर से फोन पर वार्ता की तो डॉक्टर ने अभद्रता शुरू कर दी और गाली तक दे डाली जो निंदनीय है।
विधायक ने कहा कि महिला डॉक्टर की मरीज अक्सर शिकायत करते हैं। उनका मरीजों और तीमारदारों के साथ व्यवहार गलत है। विधायक धामी का कहना है कि जब उन्होंने जनप्रतिनिधि के साथ अशोभनीय बातें कर डालीं तो समझा जा सकता है कि मरीजों के साथ उनका व्यवहार कैसा होगा। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि यदि स्वास्थ्य मंत्री कोई कार्रवाई नहीं करेंगे तो वे उनके ऑफिस के बाहर धरना शुरू कर देंगे। सोशल मीडिया पर वायरल विधायक की इस पोस्ट की हर तरफ चर्चा है। वहीं संबंधित महिला डॉक्टर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
धारचूला सीएचसी में तैनात एक डॉक्टर ने फोन पर मुझे गाली दी। मैं चुपचाप उसकी बातें सुनता रहा और मैंने कोई जवाब देना उचित नहीं समझा। डॉक्टर का यह व्यवहार अशोभनीय है। मरीजों के साथ भी उनका व्यवहार नहीं है। ऐसे में सीएमओ और स्वास्थ्य मंत्री को उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसा नहीं हुआ तो मैं आंदोलन शुरू कर दूंगा। - हरीश धामी, विधायक, धारचूला
विधायक ने धारचूला सीएचसी की डॉक्टर पर अभद्रता का आरोप लगाया है। संबंधित डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभाग मामले की जांच करेगा। इसके बाद ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। - डॉ. एसएस नबियाल, सीएमओ, पिथौरागढ़
बेहोशी की हालत में आई एक लड़की का मैंने इलाज किया जो ठीक हो गई। इसके बाद भी उसके परिजन उसे जिला मुख्यालय ले जाने के लिए एंबुलेंस की मांग कर रहे थे जो मेरे अधिकार क्षेत्र में नहीं है। 108 एंबुलेंस के लिए हेल्पलाइन नंबर पर देहरादून कॉल करना जरूरी है। मैं जब कुछ गंभीर मरीजों का इलाज कर रही थी तो लड़की के परिजन ने फोन पर बात करने के लिए बोला। सामने से मुझसे एंबुलेंस क्यों नहीं देने के संबंध में बात कही जा रही थी। लड़की के परिजनों ने खुद विवाद शुरू किया। मुझे यह मालूम नहीं कि फोन पर बात करने वाले विधायक हैं। हमारा दायित्व सिर्फ मरीजों का बेहतर इलाज करना है। नेताओं से फोन पर बात करना मेरी आदत नहीं है। मैं सिर्फ मरीजों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने में विश्वास करती हूं। मुझ पर लगे आरोप निराधार हैं। - डॉ. शालिनी, सीएचसी, धारचूला

कमेंट
कमेंट X