Pithoragarh: शटडाउन के बाद भी दौड़ा करंट, लाइनमैन की गई जान; परिजनों ने अस्पताल में किया जमकर हंगामा
पिथौरागढ़ में ऊर्जा निगम की कथित लापरवाही से शटडाउन के बावजूद लाइन में करंट दौड़ने से खंभे पर चढ़े लाइनमैन की मौत हो गई।
विस्तार
पिथौरागढ़ में ऊर्जा निगम की कथित लापरवाही ने एक और जान ले ली। शटडाउन लेने के बावजूद लाइन में करंट दौड़ने से खंभे पर चढ़े लाइनमैन की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बडारी निवासी सुंदर सिंह सौन (55) पुत्र चंचल सिंह सौन जो यूपीसीएल में ठेके पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। सोमवार सुबह खराब बिजली की लाइन को ठीक करने के लिए वह खंभे पर चढ़े थे। उन्होंने नियमानुसार सब स्टेशन कर्मियों को सूचित कर शटडाउन लिया था लेकिन काम के दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ गया जिससे वह करंट की चपेट में आकर नीचे गिर पड़े।
आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन परिजनों ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि यूपीसीएल की लापरवाही से सुंदर सिंह की जान गई है। मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मौके पर पहुंचे यूपीसीएल अधिकारियों ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह परिजनों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। वहीं शटडाउन के बाद भी लाइन में करंट कैसे दौड़ा इसे लेकर यूपीसीएल की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं यूपीसीएल के अधिकारी जांच की बात कर इस मामले पर पर्दा डाल रहे हैं।
एक हफ्ते में दूसरी घटना, सिस्टम पर उठे सवाल
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को भी गौरीहाट क्षेत्र में इसी तरह की घटना सामने आई थी। ठेके पर कार्यरत लाइनमैन मुकेश सिंह धामी शटडाउन लेने के बाद ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर रहे थे, तभी अचानक करंट दौड़ गया और वह गंभीर रूप से झुलस गए। उनका इलाज अभी जारी है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना बेहद दुखद है। शटडाउन के बाद लाइन में करंट कैसे दौड़ा यह जांच का विषय है। इसकी जांच की जाएगी। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है। - डीएस बिष्ट, एसई, यूपीसीएल, पिथौरागढ़