अरुण हत्याकांड: दोस्त निकला कातिल...बेसबॉल के डंडे से वार कर किया लहूलुहान, तड़पता हुआ जंगल में छोड़ गया
अरुण का दोस्त शक्ति उसे घूमने के बहाने घर से बुलाकर ले गया था। जब अरुण घर नहीं लौटा तो परजिनों ने नशक्ति से जानकारी ली, लेकिन वह टालमटोली करने लगा।
विस्तार
पुलिस ने अरुण हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतक के दोस्त के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार अरुण की हत्या विवाद के चलते उसके एक साथी ने की थी। पुलिस लूटी गई बाइक और मोबाइल बरामद कर लिया है। बुधवार को पुलिस मामले का खुलासा करेगी।
सुभाषनगर डिबबिडा निवासी अमित कुमार ने कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट में कहा है कि 24 सितंबर की शाम उसका सबसे छोटा बेटा अरुण घर पर था। अरुण का दोस्त रतपुर रुद्रपुर निवासी शक्ति उसे घूमने के बहाने घर से बुलाकर ले गया था। अरुण घर से शक्ति के साथ बाइक से घूमने निकला। जब उनका बेटा घर नहीं लौटा तो उन्होंने शक्ति से जानकारी ली लेकिन वह टालमटोली करने लगा।
शक्ति के खिलाफ केस दर्ज
शक्ति के भाई शिवा ने बताया कि अरुण नेशनल हाईवे के किनारे बागवाला जंगल में हो सकता है। इसके बाद जंगल में तलाश करने पर उन्हें अरुण का शव मिला। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले अरुण का शक्ति के साथ झगड़ा हुआ था। उसी ने अरुण की हत्या कर बाइक और मोबाइल लूटा है। इस पर पुलिस ने शक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार अरुण को सोची समझी साजिश के तहत दोस्त बुलाकर ले गया था। घूमने के दौरान तीन और दोस्त भी थे। जब मुख्य आरोपी और अरुण अकेले थे तो बागवाला में उनके बीच विवाद हुआ था। पुराने विवाद के कारण आरोपी ने बेसबाल के डंडे से अरुण के माथे पर वार कर लहूलुहान कर दिया और बाइक व मोबाइल लूटकर घर चला गया।
पुलिस अन्य दोस्तों की भूमिका की जांच कर रही है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर शक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। बुधवार को मामले का खुलासा किया जाएगा।
तो लूटी गई बाइक का कर दिया सौदा
आरोपी अरुण को अधमरा कर जंगल में छोड़कर चला गया था। माना जा रहा है कि गहरी चोट से ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हुई होगी। यही नहीं कि इतनी जोर से अरुण के माथे पर वार किया गया कि बेसबाल स्टिक का हत्था तक टूट गया। सूत्रों के अनुसार आरोपी ने लूटी बाइक का एक व्यक्ति से पांच हजार रुपये में सौदा कर दिया। मोबाइल को भी कहीं गिरवी रख दिया। पुलिस लूटे गए सामान की बरामदगी की कोशिश कर रही है।
ये भी पढ़ें...दुस्साहस: युवक ने महिला पर फेंका लाल रंग का तरल पदार्थ, बोला-साथ नहीं चलोगी तो तेजाब भी है मेरे पास
मुख्य आरोपी के भाई की लिप्तता की जांच
पुलिस मामला सुलझाने के बेहद करीब है। पुलिस जांच कर रही ही है कि मुख्य आरोपी के भाई की पूरे मामले में लिप्तता है या नहीं है। सोमवार को दिनभर परिजन अरुण की तलाश कर रहे थे तो मुख्य आरोपी भी उनके साथ था लेकिन जब बागवाला की ओर से तलाश शुरू हुई तो मुख्य आरोपी किनारे हो गए। उसके भाई ने ही बागवाला के जंगल में अरुण के होने की संभावना जताई थी। पुलिस जांच कर रही है कि उसने केवल कयास लागए थे या फिर उसे पता था कि अरुण की हत्या कर जंगल में फेंका गया है।