Rudrapur: शादी से पहले दूल्हे पर दुष्कर्म की एफआईआर, प्रेमिका ने शारीरिक शोषण व दूसरी शादी करने लगाया आरोप
रुद्रपुर में शादी से ठीक पहले दूल्हा हाथों में मेहंदी रचा कर कोतवाली पहुंचा। एक युवक ने अपनी प्रेमिका को झांसा देकर दूसरी शादी कर ली। प्रेमिका की तहरीर पर पुलिस ने शादी के दिन ही दूल्हे के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विस्तार
रुद्रपुर शहर में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका को झांसा देकर दूसरी शादी कर ली। बरात चढ़ने से ठीक पहले दूल्हा हाथों में मेहंदी रचा कर कोतवाली पहुंचा। हालांकि बाद में उसे पूछताछ कर छोड़ दिया गया। प्रेमिका की तहरीर पर पुलिस ने शादी के दिन ही दूल्हे के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मामला रुद्रपुर के बाजार चौकी क्षेत्र का है। मंगलवार को दूल्हे की बरात जानी जानी थी लेकिन सोमवार की रात उसकी प्रेमिका चौकी में पहुंच गई। उसका कहना था कि आदर्श कॉलोनी निवासी रोहित कुमार से उसका चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी का झांसा देकर रोहित ने उससे शारीरिक संबंध बनाए। प्रेमिका का आरोप था कि युवक ने उसे धोखा दिया है और अब दूसरी युवती से शादी कर रहा है।
शिकायत पर पुलिस ने शादी रचाने से पहले दूल्हे को कोतवाली बुला लिया। जब पुलिस का फोन पहुंचा तब दूल्हे के हाथ में मेहंदी लग रही थी। हाथों पर मेहंदी रचा कर वह सोमवार देर शाम कोतवाली पहुंचा। वहां कुछ देर के लिए हल्का हंगामा हुआ। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली। मंगलवार को बरात होने पर उसे देर रात छोड़ दिया गया। आधी रात कोतवाली में बिताने के बाद दूल्हा सुबह बरात लेकर एक होटल में पहुंचा जहां उसने शादी रचाई।
प्रेमी के घर पर शादी का टेंट देख कर पहुंची पुलिस के पास
कोतवाली में देर शाम पहुंची युवती का कहना था कि रोहित कुछ दिन से उससे बात नहीं कर रहा था। सोमवार को उसने रोहित के घर पर शादी का टेंट लगा हुआ देखा। मेहमानों से टेंट के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि रोहित की मंगलवार को शादी है। सोमवार को मेहंदी की रस्म चल रही है। प्रेमिका यह सुन चौंक गई और सीधे चौकी व कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता शिकायत लेकर पहले चौकी और फिर कोतवाली पहुंची थी। मामले की गंभीरता को देख युवक पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को युवक की शादी होनी थी। - प्रशांत कुमार, सीओ