48 लाख से संवरेगा ऐतिहासिक ऐड़ाद्यो मंदिर: पर्यटन कारोबार को मिलेगा बढ़ावा, रोजगार के खुलेंगे द्वार
अल्मोड़ा के सोमेश्वर तहसील स्थित ऐड़ाद्यो मंदिर को 48 लाख की लागत से धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
विस्तार
अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर तहसील स्थित ऐतिहासिक श्री दक्षिणी कैलाश आश्रम ऐड़ाद्यो मंदिर को धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। शासन से मंदिर के संरक्षण के लिए 48 लाख रुपये का बजट अवमुक्त हुआ है। मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार होगा तो यहां पर्यटन कारोबार को नए पंख लेगेंगे।
सोमेश्वर में ऊंची पहाड़ी और बांज, बुरांश के जंगलों के बीच स्थित प्राचीन श्री दक्षिणी कैलाश आश्रम ऐड़ाद्यो मंदिर जल्द नए स्वरूप में लौटेगा। यह मंदिर में क्षेत्र के लोगों की अपार आस्था है। कुमाऊं मंडल विकास निगम ने प्राचीन मंदिर को मानसखंड माला मिशन के तहत संरक्षित करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए शासन से 48 लाख रुपये का बजट भी स्वीकृत हो गया है। योजना के तहत मंदिर में जर्जर धर्मशाला का जीर्णोद्धार, श्रद्धालुओं की बैठक के लिए बैंच और मंदिर के मुख्य द्वार का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही रात में मंदिर में रोशन करने के लिए करीब आठ सोलर लाइट भी स्थापित की जाएंगी। यहां पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार होगा तो मंदिर को धार्मिक पर्यटन के रूप में नई पहचान मिलेगी। इससे क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
व्यू प्वॉइंट होगा स्थापित
मंदिर में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए व्यू प्वॉइंट भी स्थापित किए जाएंगे। जहां से पर्यटक प्राकृतिक सुंदरता को करीब से निहार सकेंगे। इसके साथ ही अपने परिवार के साथ इन पलों को कैमरे में कैद कर सकेंगे।
मंदिर में 48 लाख रुपये से निर्माण कार्य और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही मंदिर को संरक्षित करने का कार्य शुरू किया जाएगा- कमल जोशी, एई, केएमवीएन नैनीताल