Rudrapur News: स्कॉर्पियो की टक्कर के बाद दो युवकों पर रॉड से हमला, भाजपा नेता समेत 12 पर FIR दर्ज
काशीपुर फ्लाईओवर के पास स्कूटी सवार दो युवकों पर रॉड से हमला करने के मामले में पुलिस ने भाजपा नेता समेत 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के बाद वाल्मीकि समाज के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
काशीपुर फ्लाईओवर के पास स्कूटी सवार दो युवकों को स्कॉर्पियो से टक्कर मारने के बाद रॉड से हमला कर दिया। कोतवाली में हंगामे के बाद पुलिस ने भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ, उसके भाई सन्नी चुघ समेत करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी कर ली है।
शुक्रवार की रात दस बजे गांधी कॉलोनी निवासी अभिषेक वाल्मीकि (20) दोस्त जतिन के साथ स्कूटी से काशीपुर फ्लाईओवर की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी जिससे दोनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार सन्नी ने लोहे की रॉड से दोनों युवकों पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ देर बाद भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ अपने भाई सन्नी और 10-12 साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और दोनों युवकों के साथ मारपीट की। इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का भी आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे तो आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां अभिषेक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बरेली रेफर कर दिया गया। जतिन का भी उपचार चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना से आक्रोशित वाल्मीकि समाज के लोगों ने शनिवार सुबह रुद्रपुर कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
मामले में आरोपी पारस चुघ और सन्नी चुघ समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ जातिसूचक शब्दों के प्रयोग समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - विभव सैनी, सीओ रुद्रपुर