उत्तराखंड: आज से बदलेगा मौसम, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानों में बढ़ेगी ठंड
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बारिश होने 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
विस्तार
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पर्वतीय इलाकों में होने वाली बारिश का असर मैदानी क्षेत्रों के तापमान पर भी देखने को मिलेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 25 अक्तूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बारिश होने 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। जबकि 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में तेज गर्जन के साथ बारिश और बर्फबारी की भी संभावना है। इसका सीधा असर पहाड़ों के साथ मैदानी इलाकों के तापमान में देखने को मिलेगा। पारा गिरने से ठंड का अहसास बढ़ेगा।
उत्तराखंड विधानसभा सत्र: 27 अक्तूबर को सदन में पेश होगा अनुपूरक बजट, एजेंडा तय, नहीं पहुंचे कांग्रेस नेता
आने वाले दिनों की बात करें तो 26 से 29 अक्तूबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद 30 अक्तूबर से एक बार फिर मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। वहीं, शनिवार के मौसम की बात करें तो दिन भर चटक धूप खिलने से पहाड़ों में ठंड का अहसास कम हुआ।
रात को गुलाबी ठंड का मौसम रहा। आंकड़ों पर नजर डालें तो दून में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री इजाफे के साथ 28.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री बढ़ोतरी के साथ 15.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों का भी रहा।