गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम उषाढ़ में शनिवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले अज्ञात बदमाशों ने एक किराना व्यवसायी को पिस्तौल की नोक पर अगवा कर लिया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी व्यवसायी को घर से जबरन बाहर निकालते और कार में बैठाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में एक आरोपी के हाथ में हथियार भी नजर आ रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पूरा मामला मरवाही थाना क्षेत्र के उषाढ़ गांव का है जहां रहने वाले गिरीश यादव किराना दुकान के साथ-साथ छड़-सीमेंट, धनकुट्टी और आटा चक्की का व्यवसाय करते हैं। शनिवार की सुबह करीब 11 बजे वे अपने घर के गलियारे में आराम कर रहे थे। इसी दौरान ओडिशा पासिंग एक नीले रंग की कार में सवार दो अज्ञात युवक गांव पहुंचे। दोनों पहले धनकुट्टी मिल के पास गए और वहां मौजूद लोगों से गिरीश यादव के घर के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वे गिरीश यादव की किराना दुकान पहुंचे, जहां उनके पुत्र पंकज यादव से पानी की बोतल और सिगरेट खरीदी।
बताया जाता है कि आरोपियों ने पंकज यादव से उसके पिता के बारे में पूछताछ की और उन्हें बुलाने के लिए कहा। जब पंकज अपने पिता को बुलाने घर के अंदर जाने लगा, तभी दोनों युवक उसके पीछे-पीछे घर में घुस गए। वहां उन्होंने आराम कर रहे गिरीश यादव को उठाया इसके बाद उन्होंने गिरीश यादव को धमकाया और जबरन घर से बाहर ले आए। जब परिजनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद वे गिरीश यादव को जबरन कार में बैठाकर बरौर बस्ती की ओर निकल गए और बाद में मरवाही की दिशा में फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने परिचितों और ग्रामीणों को सूचना देकर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आए।
पीड़ित की पत्नी दुर्गा यादव की शिकायत पर मरवाही पुलिस ने अपराध क्रमांक 110/26 दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3), 333, 351(3), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला कायम किया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।