शहर के नवीन अंतर्राज्यीय बस स्टैंड पर मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने बस टिकट काउंटरों का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
अध्यक्ष ने बताया कि नवीन बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 13 टिकट काउंटर प्रारंभ किए गए हैं, जिससे अब यात्रियों को टिकट लेने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि नए बस स्टैंड में बसों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यात्रियों के बैठने, बसों के आगमन-प्रस्थान तथा यातायात प्रबंधन को व्यवस्थित करने के लिए चरणबद्ध योजना बनाई गई है।
एसडीएम अजय उरांव ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 टिकट काउंटरों के लोकार्पण के साथ ही आठ नए कॉम्प्लेक्स परिसर का भूमि पूजन भी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए बस स्टैंड से संचालन को प्रभावी बनाने के लिए पुराने बस स्टैंड को आज से बंद कर दिया गया है।
प्रारंभिक चरण में लोगों को नई व्यवस्था की जानकारी देने हेतु शहर के विभिन्न स्थानों पर बसों के लिए अस्थायी स्टॉपेज निर्धारित किए गए हैं। यह व्यवस्था कोंडागांव मेला तक लागू रहेगी। मेला समाप्ति के बाद बसों का संचालन बायपास रोड से किया जाएगा, जिससे शहर के भीतर यातायात दबाव कम होगा। नवीन बस स्टैंड के सुचारू संचालन के लिए जनप्रतिनिधियों, स्थानीय व्यापारियों, बस ऑपरेटरों और ऑटो चालकों के साथ बैठक कर विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी।
शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से भारी वाहनों को बायपास मार्ग से गुजारने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। यातायात विभाग को इस संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने और आमजन को राहत मिल सके।