दमोह पहुंचे पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने वोटर अधिकार सत्याग्रह के दौरान जनसभा को संबोधित कहते हुए भाजपा को 'वोट चोर' कहा और कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा काले झंडे दिखाओ, पत्थर मारो या लाठी चलाओ हम न डरने वाले हैं और न ही पीछे हटने वाले हैं। कांग्रेस जनता की लड़ाई लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक विरोध नहीं है, बल्कि लोकतंत्र व संविधान को बचाने की लड़ाई है। भाजपा लोकतंत्र को तार-तार कर रही है, जबकि राहुल गांधी लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की मोहन सरकार एवं केंद्र की सरकार पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार मुक्त देश, किसानों की दोगुनी आय, युवकों को रोजगार, विदेश में जमा पैसा वापस लाएंगे की बात कही थी। चाइना के माल का बहिष्कार करने को कहा था, लेकिन खुद विदेशी घड़ी, विदेशी कार, विदेशी सूट, विदेशी मोबाइल अपनाते हैं। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि यही है भाजपा का स्वदेशी अपनाओ का असली चेहरा।
ये भी पढ़ें-
इलाज की आड़ में धर्मांतरण! शिवनगर से बड़ी साजिश का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से किसान खाद की समस्या से परेशान हैं और सरकार लगातार ही खाद की समस्या बढ़ती जा रही है। इसके अलावा जातिगत जनगणना की बात राहुल गांधी ने कही थी तो केंद्र सरकार द्वारा इस बात का विरोध किया गया था, लेकिन अंत में उन्हें राहुल गांधी की बात को मानते हुए जातिगत जनगणना करने पर निर्णय लेना पड़ा। इस दौरान जीतू पटवारी ने जगह-जगह खुलेआम बिक रही शराब पर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस बात से समाज में जिस प्रकार की विकृति पैदा हो रही है। उस पर अंकुश लगाना अनिवार्य है। उन्होंने कांग्रेस की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने की भी सलाह दी।
इसके पूर्व सभा को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने भी संबोधित करते हुए कहा कि एक युग में तो पत्थर की शक्ल भी बदल जाती है। यह सरकार है हमें इसके बदलने के लिए एक होकर कार्य करना पड़ेगा। उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने वालों पर भी खुलकर कटाक्ष किया और स्थानीय विधायक पर भी अनेक आरोप लगाएं। इसके अलावा दमोह के पूर्व विधायक अजय टंडन ने कहा कि जिस प्रकार से वर्ष 2023 में चुनाव वोट चोरी करके लूट लिया गया है और कांग्रेस के गद्दारों ने भाजपा में शामिल होकर कांग्रेस की सरकार को गिरा दिया। उन्होंने कहा कि दमोह की जनता हमेशा ही कांग्रेस के पक्ष में रही है और कांग्रेस को ही जिताती हैं ,लेकिन इन वोट चोरों ने जीते हुए चुनाव को भी अपने पक्ष में कर लिया।