दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ापुरा में मंगलवार की रात एक दूल्हे पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया। जिसे गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। बुधवार को दूल्हे की बरात जानी थी, लेकिन रात में खाने को लेकर रिश्तेदार और पड़ोसियों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि दूल्हे पर ही लोगों ने हमला कर दिया। जिसे परिजन इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी देते हुए दूल्हे विक्की अहिरवार ने बताया कि बुधवार को उसकी बरात जानी थी। मंगलवार को घर पर उसे हल्दी लग रही थी और खाना चल रहा था। इसी दौरान पड़ोसियों और रिश्तेदारों के बीच खाने को लेकर कुछ विवाद हो गया। जब वह बीच बचाव करने पहुंचा तो उस पर ही कुछ लोगों ने हमला कर दिया। वह देख नहीं पाया उसके सिर पर पीछे से ईंट मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
पढ़ें: खिवनी अभयारण्य बना पर्यटकों का पसंदीदा ठिकाना, बाघों और गिद्धों के बढ़ते कुनबे इसकी खास वजह बनी
घायल विक्की की दादी ने बताया कि गुल्ले नामक युवक के द्वारा शराब के नशे में पहले खाने को लेकर उनके साथ अभद्रता की गई। इसके बाद रिश्तेदारों से विवाद शुरू कर दिया। तभी विक्की बीच बचाव करने पहुंचा तो उसे पर हमला कर दिया। बुधवार को विक्की की बरात जानी थी, लेकिन मंगलवार की रात लोगों ने उस पर हमला कर दिया। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बुंदेलखंड में ऐसा माना जाता है कि बरात जाने के दो दिन पहले दूल्हे में भगवान का वास हो जाता है। इसलिए उसे नजर से बचाने के उपाय भी किए जाते हैं और मां बरात जाने के पहले अपने बेटे की नजर उतारती है, लेकिन दमोह के बड़ा पूरा में लोगों ने दूल्हे पर ही हमला कर दिया। जब वह घायल हालत में पहुंचा उस समय भी उसे हल्दी लगी हुई थी।