दतिया शहर में बुधवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र की सिद्धार्थ कॉलोनी में हथियारबंद बदमाशों ने शादी समारोह से घर लौट रहे एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। रात के सन्नाटे में गोलियों की गूंज से पूरा इलाका दहल उठा और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान गल्ला मंडी निवासी विशाल कुशवाहा (24) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक विशाल रात करीब 10 बजे अपने एक रिश्तेदार की शादी से कार से घर लौट रहा था। जैसे ही वह सिद्धार्थ कॉलोनी की सुनसान गली में पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे हथियारबंद बदमाशों ने उसे घेर लिया। विशाल कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।फायरिंग के निशान कार में भी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाशों ने एक के बाद एक कई राउंड फायर किए। विशाल को गोली लगने से वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले, लेकिन तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात की खबर फैलते ही सिद्धार्थ कॉलोनी में दहशत फैल गई। देर रात तक बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा रहे। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और सीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। परिजनों से पूछताछ में कुछ अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का कहना है कि विशाल का किसी से विवाद चल रहा था या नहीं, इस एंगल पर भी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।
विशाल की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने बताया कि विशाल मिलनसार स्वभाव का था और उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी।
ये भी पढ़िए- Ujjain News: त्रिपुंड, त्रिशूल व चंद्रमा से सजे बाबा श्री महाकाल, भक्तों को भस्म आरती में दिए दिव्य दर्शन
सीएसपी आकांक्षा जैन ने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने विशाल कुशवाह पर फायरिंग कर दी है जिसमें विशाल की मौत हो गई है फायरिंग के समय विशाल कार से थे जिसमें फायरिंग के निशान है सीसीटीवी के आधार पर ओर घटना के समय विशाल के साथ लोग थे उनसे पूछताछ करके पुलिस जांच कर रही है । उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।