आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार दोपहर से शाम तक एक के बाद एक शहर के अलग-अलग इलाकों से कुत्तों के काटने के लगातार 12 मामले सामने आए। पहले दोपहर में 4 से 5 घायल जिला अस्पताल पहुंचे। इसके बाद कुछ घंटों के भीतर कुल 12 लोग डॉग बाइट का शिकार होकर अस्पताल पहुंचे। इनमें स्कूल के बच्चे से लेकर कामकाजी लोग तक शामिल हैं। घायलों में पांच महिलाओं के साथ ही 7 पुरुष शामिल हैं। इनमें से 10 लोग गम्भीर घायल अवस्था मे पहुंचे थे, जिन्हें कुछ घंटों जिला अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। हालांकि शाम तक सभी को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया, और स्थानीय निगम ने कुत्तों को पकड़ने का विशेष अभियान चलाया। इसमें पागल हुए कुत्ते की पहचान कर उसे पकड़ कर ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
ये भी पढ़ें- अक्टूबर से दौड़ेगी भोपाल मेट्रो, पहले हफ्ते फ्री सफर; जानें रूट, किराया और खास बातें
खंडवा शहर के बुधवारा बाजार से लेकर बस स्टैंड और इंदिरा चौक क्षेत्र में शुक्रवार को आवारा कुत्तों का आतंक अचानक बढ़ गया । हालांकि इस क्षेत्र में सड़क से गुजर रहे लोगों पर झुंड बनाकर कई बार पहले भी आवारा कुत्ते हमला कर चुके हैं, लेकिन शुक्रवार को इस क्षेत्र में एक पागल कुत्ते ने अचानक लोगों को काटना शुरू कर दिया। इसके बाद जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में एक-एक कर कुल 12 केस डॉग बाइट के पहुंचे। इधर डॉग बाइट की सूचना मिलते ही नगर निगम की डॉग कैचिंग टीम भी सक्रिय हुई। जिन इलाकों में कुत्तों ने लोगों को निशाना बनाया, वहां पकड़ने की कार्रवाई अब तक जारी है।
ये भी पढ़ें- डांसिंग कॉप रंजीत सिंह ICU में भर्ती, क्या निलंबन का सदमा नहीं सह पाए?
जिला अस्पताल के रेबीज कंट्रोल नोडल ऑफिसर डॉ. योगेश शर्मा का कहना है कि ठंड के मौसम में कुत्ते ज्यादा आक्रामक हो जाते हैं, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। अस्पताल में कुल 12 केस पहुंचे थे, जिनमें पांच महिला और सात पुरुष थे। सभी फिलहाल स्वस्थ हैं और उनका उपचार कर छुट्टी दे दी गई है। जिन्हें अब 28 दिनों तक ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा। इधर नगर निगम खंडवा के डिप्टी कमिश्नर एसआर सिटोले ने बताया कि कुत्ते की पहचान कर पकड़ लिया गया है, साथ ही विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई लगातार जारी है।