रतलाम के माणकचौक थाना क्षेत्र के कोठारी वास में निर्माणाधीन मकान परिसर में गड्ढा खोद रहे एक मजदूर पर पास स्थित कच्चे मकान की दीवार गिर गई। हादसे में मजदूर मलबे में दब गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाया और गंभीर रूप से घायल मजदूर को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब तीन बजे कोठारी वास क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में करीब 40 वर्षीय मजदूर दिनेश, निवासी ग्राम पलसोडा, गड्ढा खोदने का कार्य कर रहा था। वहीं कुछ दूरी पर दूसरी मजदूर सोनू पांचाल भराव का काम कर रही थी। इसी दौरान पास स्थित एक मकान की कच्ची दीवार अचानक ढह गई, जो सीधे मजदूर दिनेश के ऊपर जा गिरी।
दीवार गिरने से दिनेश नीचे गिर गया और मलबे में बुरी तरह दब गया। घटना के बाद सोनू पांचाल ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने हाथों से मलबा हटाकर मजदूर को बाहर निकाला। तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
पढे़ं: साधु के भेष में ठगी का खेल: शिवपुरी-कोलारस में महिलाओं से नगदी व मंगलसूत्र ले उड़े ठग; CCTV में कैद हुई घटना
सूचना मिलने पर सीएसपीआई सत्येंद्र घनघोरिया, शहर एसडीएम आर्ची हरित और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि एसडीईआरएफ टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने मजदूर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।
मजदूर सोनू पांचाल ने बताया कि वह निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी का काम करती है। मकान का निर्माण एक ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है। दोपहर के समय भराव और खुदाई का कार्य चल रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
शहर एसडीएम आर्ची हरित ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान पास के मकान की कच्ची दीवार गिरने से एक मजदूर मलबे में दब गया था। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। शासन के नियमानुसार जो भी आर्थिक सहायता देय होगी, वह मजदूर को उपलब्ध कराई जाएगी।