मऊगंज जिले के खजुरहन गांव में जमीन विवाद एक बार फिर तूल पकड़ गया है। अदालत के आदेश के बावजूद प्रशासन द्वारा अतिक्रमण न हटाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने विधायक प्रदीप पटेल से मदद की गुहार लगाई। स्थिति की गंभीरता देखते हुए विधायक स्वयं गांव पहुंचे, उन्होंने कहा कि जब तक प्रशासन कार्रवाई नहीं करता, वह गांव नहीं छोड़ेंगे।
ये भी पढ़ें:
अमर उजाला संवाद पहली बार मध्य प्रदेश में, 26 जून को भोपाल में जुटेंगी हस्तियां
जानकारी के अनुसार, विवाद सरोज कुशवाहा के स्वामित्व वाली जमीन को लेकर है, जिस पर मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने घर बना लिया था। मामला वर्षों तक अदालत में चला। लगभग एक महीने पहले एसडीएम ने अतिक्रमण हटाने का आदेश भी जारी किया, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। इस निष्क्रियता ने हालात को और संवेदनशील बना दिया है।
ये भी पढ़ें:
अमर उजाला संवाद इस बार मध्य प्रदेश में, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्टर करें
फिलहाल, विधायक गांव के निवासी रजनीश प्रसाद मिश्रा के घर ठहरे हैं। लगातार बारिश के कारण पहले वे मंदिर परिसर में रुके थे। खजुरहन पहले भी मंदिर‑मस्जिद जमीन विवाद के कारण कई बार चर्चा में रहा है, पिछले कुछ महीनों में दोनों समुदायों के बीच दो बार झड़प हो चुकी है। दस दिन पहले तो एक घर का दरवाजा तोड़ने तक की नौबत आ गई थी। ग्राम सरपंच रामरहीश कुशवाहा ने भी प्रशासन से शीघ्र अतिक्रमण हटाने और शांति व्यवस्था कायम रखने की मांग की है।