मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 17 वर्षीय छात्रा से सरेराह मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार सवार चार युवक काफी दूर से छात्रा का पीछा कर रहे थे। हॉर्न बजाने और कथित तौर पर अश्लील कमेंट करने का विरोध करने पर युवकों ने विष्णु मंदिर के पास उसकी स्कूटी को कार से कट मारकर रोक लिया। इसके बाद छात्रा के साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक छात्रा स्कूटी से पुरानी शिवपुरी में अपनी सहेली के घर पढ़ने जा रही थी। इसी दौरान सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड की तरफ से आ रही कार में सवार चार युवक कथित तौर पर उसका पीछा करने लगे। छात्रा ने युवकों के व्यवहार का विरोध किया तो विष्णु मंदिर के पास उन्होंने उसकी स्कूटी के सामने कार लगा दी।
ये भी पढ़ें- डिंडौरी: 300 की आबादी भगवान भरोसे, पुल के इंतजार में कलंगी टोला,गर्भवती को चादर की डोली में लादकर पार कराई नदी
विरोध करने पर चोटी पकड़कर पीटा
आरोप है कि छात्रा के विरोध करने पर कार सवार चारों युवक नीचे उतर आए। इसके बाद उन्होंने छात्रा के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक युवक ने छात्रा की चोटी पकड़कर उसे पीटा। छात्रा की सहेली ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उसके साथ भी झूमाझटकी किए जाने का आरोप है।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया। लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके तीन साथी कार लेकर मौके से फरार हो गए। पकड़े गए युवक को लोगों ने फिजिकल थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
एक आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान पुराना अमोला निवासी बृजेंद्र गुर्जर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने साथियों के नाम बृजमोहन गुर्जर, मोनू चंदेल और विक्रम बुंदेला बताए हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल कार विक्रम बुंदेला की बताई जा रही है।
फिजिकल थाना प्रभारी अविनाश राठौड़ ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल कार को भी तलाश रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।