बारां शहर के कोटा रोड इलाके में शुक्रवार को दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज वारदात हुई। यहां यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शरद शर्मा को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की। गनीमत रही कि निशाना चूक गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और शरद शर्मा सुरक्षित हैं।
मंदिर जाते वक्त बनाया गया निशाना
जानकारी के अनुसार, शरद शर्मा अपने घर से श्री जी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कोटा रोड पर घात लगाकर बैठे एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर फायरिंग की। अचानक हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें:
तिजारा में बड़ा सड़क हादसा, स्कूली बच्चों से भरा टेंपू पलटा, CCTV में कैद हुई घटना
पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। शरद शर्मा ने तुरंत कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में नाकाबंदी करवाई और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में इसे आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।