बारां जिले के शाहाबाद क्षेत्र के कलोनी गांव में गुरुवार को चारागाह भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। उग्र भीड़ ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ पथराव किया, जिससे सरकारी वाहनों के शीशे टूट गए और कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हालात इतने बिगड़ गए कि अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके से हटकर अपनी जान बचानी पड़ी।
जेसीबी चलने पर भड़की भीड़
प्रशासन की टीम पुलिस जाब्ते के साथ कलोनी गांव में चारागाह भूमि पर किए गए अवैध कब्जे हटाने पहुंची थी। जैसे ही जेसीबी से कार्रवाई शुरू हुई, ग्रामीण एकजुट होकर विरोध पर उतर आए। देखते ही देखते विरोध हिंसक हो गया और भीड़ ने प्रशासनिक टीम पर पत्थरों से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पथराव में पुलिस जवान घायल
पथराव के दौरान एक पुलिस जवान को चोट आई, जिसे घायल अवस्था में शाहाबाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पथराव में कई सरकारी वाहनों के कांच टूट गए। प्रशासन की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें: साध्वी प्रेम बाईसा की मौत का रहस्य गहराया: इंजेक्शन लगाने वाले से हुई पूछताछ, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
रात में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गिरफ्तारियां
घटना के बाद सीओ शाहाबाद रिछपाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। वीडियो फुटेज के आधार पर देर रात गांव में दबिश देकर करीब एक दर्जन उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
गांव पुलिस छावनी में तब्दील
हमले के बाद कलोनी गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। शाम करीब छह बजे से गांव पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आसपास के थानों से अतिरिक्त जाब्ता बुलाया गया है। गांव के हर चौराहे और प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात है।
अधिकारी कर रहे निगरानी
सीओ रिछपाल मीणा स्वयं हालात की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस की प्राथमिक जांच और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर उन लोगों की सूची तैयार की गई है, जिन्होंने सरकारी गाड़ियों पर पथराव किया और अधिकारियों से मारपीट की। मौके पर शाहाबाद एसडीएम, तहसीलदार शाहाबाद, सीआई रामकेश मीणा, मनोज विश्नोई सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस हालात पर कड़ी नजर रखे हुए है।