दौसा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की टिकट घोषणा के बाद दौसा विधानसभा क्षेत्र में बगावत के स्वर गूंजने लगे हैं। भाजपा ने डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के भाई जगमोहन मीणा को टिकट देने का फैसला किया है, जिससे असंतोष और नाराजगी की स्थिति पैदा हो गई है। टिकट की उम्मीद लगाए बैठे भाजपा के अन्य नेताओं में से एक देवी सिंह दौसा ने नाराजगी जताते हुए खुद को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का एलान किया है।
‘सामान्य वर्ग की अनदेखी की गई’
देवी सिंह दौसा ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि दौसा विधानसभा सामान्य सीट है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा ने एसटी वर्ग के उम्मीदवार को यहां से टिकट दिया है। उनका आरोप है कि भाजपा ने सामान्य वर्ग के नेताओं की अनदेखी की है, जबकि जिले की अन्य सीटों महुआ और बांदीकुई में पहले ही सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को टिकट नहीं दिया गया था। अब दौसा विधानसभा सीट पर भी सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को मौका न देकर पार्टी ने एक बड़ी गलती की है।
निर्दलीय चुनाव लड़ने का किया एलान
देवी सिंह ने कहा कि वे टिकट की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन जब पार्टी ने जगमोहन मीणा को उम्मीदवार बनाया, तो उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उनका कहना है कि चाहे वे हारें या जीतें, लेकिन यह जरूरी है कि पार्टियों को यह संदेश मिले कि सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को नजरअंदाज करना गलत है।
सामान्य वर्ग की अनदेखी का मुद्दा
देवी सिंह ने आगे कहा कि दौसा जिले में तीन सामान्य वर्ग की सीटें हैं, लेकिन भाजपा ने किसी भी सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को प्राथमिकता नहीं दी। उन्होंने उदाहरण दिया कि लोकसभा चुनाव में भी सामान्य वर्ग के मतदाताओं ने एसटी उम्मीदवार कन्हैया लाल मीणा को समर्थन दिया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। अब विधानसभा उपचुनाव में भी भाजपा ने जगमोहन मीणा को टिकट देकर सामान्य वर्ग के मतदाताओं का विश्वास खो दिया है।
कांग्रेस की स्थिति और संभावित समीकरण
वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस का टिकट अभी तक फाइनल नहीं हुआ है, लेकिन अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस एससी वर्ग के उम्मीदवार डीसी बैरवा पर भरोसा जता सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह निश्चित रूप से चुनावी समीकरणों को प्रभावित करेगा। देवी सिंह का मानना है कि अगर सामान्य वर्ग से कोई निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में आता है, तो यह दोनों प्रमुख पार्टियों भाजपा और कांग्रेस के चुनावी गणित को गड़बड़ा सकता है।