दौसा के मानपुर थाना क्षेत्र के धूलकोट गांव में रविवार देर रात चोरों ने एक घर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर के अंदर सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडी बाहर से बंद कर करीब 1 लाख रुपये नकद और लगभग 10 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। वारदात की जानकारी सोमवार सुबह परिवार के जागने पर हुई।
पुलिस के अनुसार, धूलकोट निवासी बच्चू सिंह गुर्जर के घर में यह चोरी हुई। गर्मी के कारण परिवार के कुछ सदस्य घर के बाहर सो रहे थे, जबकि कुछ लोग कमरों के अंदर सो रहे थे। देर रात चोर घर में घुसे और अंदर सो रहे लोगों के कमरों की कुंडी बाहर से लगा दी। इसके बाद उन्होंने तीन कमरों की अलमारियां खंगालकर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए।
सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो कमरों के दरवाजे बाहर से बंद मिले। आवाज लगाने पर पड़ोसियों ने कुंडी खोली। इसके बाद जब अन्य कमरों की जांच की गई तो अलमारियों का सामान बिखरा मिला और नकदी व जेवरात गायब थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पढ़ें: नागौर के 500 साल पुराने बुटाटी धाम मंदिर में 22 करोड़ के गबन का दावा, दान पेटी में गड़बड़ी के आरोप
सूचना मिलते ही मानपुर डिप्टी एसपी धर्मराज चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
इधर, मानपुर थाना क्षेत्र में एक ही रात में धूलकोट में चोरी और सिकराय में एटीएम लूट के प्रयास की घटनाओं के बाद लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।