रातानाडा थाना पुलिस के अनुसार 10 जुलाई 2024 को ईस्ट पटेल नगर निवासी कालूदास रांकावत ने रिपोर्ट दी थी कि वह एक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ा था, जो शेयर मार्केट से जुड़ी जानकारी देता था। ग्रुप में रोजाना 2-3 शेयरों के बारे में बताया जाता था, जिनमें 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का दावा किया जाता था। शुरुआती लाभ मिलने पर परिवादी ने अपस्टॉक्स नाम की ट्रेडिंग एप के जरिये 25.30 लाख रुपये निवेश कर दिए, जिसमें से एक बार 10 लाख रुपये वापस भी मिले।
ये भी पढ़ें: Nagore: राजपूत समाज के बाद जाट समाज भी आया आगे, भाईचारा बिगाड़ने वालों पर रोक की मांग; 20 जून तक धारा 163 लागू
बाद में जब उन्होंने दोबारा विड्रॉल करने की कोशिश की तो पैसे नहीं मिले। एप में बैलेंस 71 लाख रुपये दिख रहा था, जिसे फर्जी आईपीओ में समायोजित कर दिया गया। नए आईपीओ में भारी निवेश के लिए दबाव बनाया गया और इसी दौरान उन्हें शक हुआ कि यह एप नकली है। जांच करने पर पता चला कि असली अपस्टॉक्स एप का रंग अलग है और ग्रुप के अन्य सदस्यों से संपर्क करने पर फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई।
पुलिस ने तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी स्वराज जितेन्द्र कथिन (30 वर्ष), निवासी वर्सोवा, अंधेरी वेस्ट, मुंबई को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। आरोपी और उसके साथी व्हाट्सएप पर शेयर मार्केट के नाम पर ग्रुप बनाकर निवेशकों को जोड़ते थे और एक नकली एप के जरिये पैसे निवेश करवाकर उन्हें ठगते थे। शुरुआती रिटर्न देकर भरोसा दिलाते और फिर मोटी रकम हड़प लेते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के सहयोगियों के बारे में जांच जारी है और जल्द ही अन्य खुलासे होने की संभावना है।