राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल के बिजली का कनेक्शन काटने और विधायक आवास खाली करने के नोटिस पर राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि यदि हम ही बिजली का बिल जमा नहीं करेंगे तो हमारा डिस्कॉम कैसे चलेगा। हम विधायक नहीं हैं और आवास पर कब्जा जमाए बैठेंगे तो यह कानून के विपरीत है और कानून के विपरीत राजस्थान में कोई काम नहीं चलेगा।
पत्रकारों से बात करते हुए जोगाराम पटेल ने कहा कि वर्तमान में राजस्थान में कानून का राज है और कानून के अनुसार जनप्रतिनिधियों का दायित्व होता है कि वह कानून को मानें। जनप्रतिनिधि होने के नाते हमारा दायित्व होता है कि जो भी कानून हैं, उनका पालन करें।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: हनुमान बेनीवाल सहित पूर्व विधायकों को सरकारी आवास खाली करने का नोटिस, 11 जुलाई तक मांगा जवाब
आज अपने जोधपुर प्रवास के दौरान उन्होंने सर्किट हाउस में आमजन से मुलाकात की और अधिकारियों को फोन करके तुरंत समाधान के निर्देश दिए। पत्रकारों से बात करते हुए पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल का मानना है कि राजस्थान का विकास तब होगा, जब अवाम का विकास हो। समाज के पीड़ित और शोषित परिवारों का विकास होगा, तभी सभी का विकास होगा और तब हम कहेंगे कि सबका विकास हुआ है। राजस्थान में जितने भी बीपीएल परिवार हैं धीरे-धीरे करके सबको सक्षम बनाएंगे, उनके आमदनी के स्रोत बढ़ाएंगे ताकि वे आगे बढ़ सकें।