दिल्ली में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और पेपर लीक के विरोध में गुरुवार को कोटा में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष राखी गौतम के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने महावीर नगर से पैदल मार्च निकालते हुए जवाहर नगर थाने का घेराव किया। प्रदर्शन में कोटा में पढ़ने वाले कई छात्र भी शामिल हुए। हंगामे के दौरान पुलिस ने कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
प्रदर्शन को देखते हुए जवाहर नगर थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान राखी गौतम बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ने लगीं, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी ऊर्जा मंत्री के आवास के बाहर पहुंचे और वहां भी नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। मंत्री आवास के बाहर भी भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पढ़ें: अब राजस्थान के बांसवाड़ा में बवाल, कलेक्ट्रेट में घुसने की कोशिश पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज
राखी गौतम ने कहा कि दिल्ली में छात्र अपने हक की आवाज उठा रहे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने सरकार के दबाव में उन पर लाठीचार्ज किया, जिससे कई छात्र घायल हो गए। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाए। साथ ही छात्रों पर कथित बल प्रयोग करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है। कोटा में देशभर से लाखों छात्र अपने भविष्य के सपने लेकर पढ़ाई करने आते हैं और उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।