दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बानसूर कट होटल सावरिया के सामने तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने हरियाणा रोडवेज की बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार एक महिला सहित दो यात्री घायल हो गए। घायलों को मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। अब तक दर्जनभर से अधिक हादसे हो चुके हैं, जिनमें तीन-चार लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों यात्री घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस-प्रशासन ने स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लोग आरोप लगा रहे हैं कि प्रशासन मानो किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। हादसों का मुख्य कारण कोटपूतली में वर्षों से बस स्टैंड का अभाव बताया जा रहा है। बस स्टैंड न होने के कारण यात्री सीधे हाइवे किनारे बसों और अन्य वाहनों का इंतजार करते हैं। रोडवेज, प्राइवेट जीप और छोटी कारें भी इसी स्थान से यात्रियों को बैठाती हैं, जिससे सड़क पर अव्यवस्था और दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: बिहार में नाव हादसा, नदी में पलटी 14 लोगों से भरी नाव, एक महिला की मौत; चार लापता
आज भी यही स्थिति देखने को मिली। दिल्ली की ओर जाने के लिए बस यात्रियों को लेने के लिए हाइवे पर खड़ी थी कि तभी जयपुर की ओर से आ रहे ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाइवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने वाहनों को साइड करवाकर सुचारु कराया। स्थानीय लोग बार-बार प्रशासन से मांग कर चुके हैं कि कोटपूतली में शीघ्र बस स्टैंड का निर्माण कराया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर बसों में बैठने की सुविधा मिल सके। सवाल यह है कि आखिर कब तक ऐसे हादसे टलते रहेंगे और कब तक प्रशासन जागेगा।