Hindi News
›
Video
›
World
›
India-US Trade Deal: What was discussed during PM Modi and Trump's phone call, and how was an agreement reache
{"_id":"69812c780fa0517ab00316e5","slug":"india-us-trade-deal-what-was-discussed-during-pm-modi-and-trump-s-phone-call-and-how-was-an-agreement-reache-2026-02-03","type":"video","status":"publish","title_hn":"India-US Trade Deal: पीएम मोदी-ट्रंप की कॉल पर क्या हुई बात, ट्रेड डील पर कैसे बनी सहमति?","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
India-US Trade Deal: पीएम मोदी-ट्रंप की कॉल पर क्या हुई बात, ट्रेड डील पर कैसे बनी सहमति?
अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम Published by: आदर्श Updated Tue, 03 Feb 2026 04:30 AM IST
भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों में एक बड़ा और निर्णायक मोड़ सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाए गए पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का एलान किया है। इसके साथ ही ट्रंप ने यह भी दावा किया कि भारत और अमेरिका के बीच एक अहम व्यापार समझौते (ट्रेड डील) पर सहमति बन गई है। यह एलान राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सोमवार को हुई टेलीफोन बातचीत के बाद किया गया।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। पोस्ट में ट्रंप ने न सिर्फ टैरिफ कटौती का जिक्र किया, बल्कि पीएम मोदी की जमकर तारीफ भी की और भारत–अमेरिका संबंधों को लेकर सकारात्मक संदेश दिया।
ट्रंप ने पोस्ट में क्या-क्या कहा?
राष्ट्रपति ट्रंप ने लिखा, “भारत के प्रधानमंत्री और एक ताकतवर और सम्मानित नेता मोदी से बात करना सम्मान की बात रही।” उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें व्यापार के अलावा रूस–यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने जैसे वैश्विक विषय भी शामिल रहे।
ट्रंप के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल खरीद रोकने और अमेरिका, खासकर वेनेजुएला से तेल खरीदने पर सहमत हुए हैं। इसके बाद ट्रंप ने लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी के साथ दोस्ती और सम्मान के कारण और उनके अनुरोध पर, तुरंत प्रभाव से हम अमेरिका और भारत के बीच एक ट्रेड डील पर सहमत हुए हैं, जिसके तहत अमेरिका पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि भारत अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और नॉन-टैरिफ बैरियर को घटाकर शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। ट्रंप के अनुसार, पीएम मोदी ने 500 अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी उत्पाद जिनमें ऊर्जा, तकनीक, कृषि, कोयला और अन्य कई सेक्टर शामिल हैं खरीदने की प्रतिबद्धता भी जताई है। पोस्ट के अंत में ट्रंप ने लिखा कि भारत के साथ अमेरिका के रिश्ते भविष्य में और मजबूत होंगे और “मोदी और मैं ऐसे लोग हैं जो काम पूरा करते हैं।”
पीएम मोदी की प्रतिक्रिया
ट्रंप के इस पोस्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बातचीत कर उन्हें बेहद खुशी हुई है। उन्होंने कहा कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत किया जाना भारत के 1.4 अरब लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह फैसला दोनों देशों के बीच आर्थिक और व्यापारिक साझेदारी को नई मजबूती देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह ट्रंप के साथ मिलकर भारत–अमेरिका रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे और इससे ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलेगी।
व्यापार समझौते की पृष्ठभूमि
भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत पिछले साल फरवरी में तेज हुई थी, जब पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की वॉशिंगटन में मुलाकात हुई थी। उस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते की पहली किस्त को जल्द अंतिम रूप देने पर सहमति जताई थी। हालांकि बाद में बातचीत उस समय अटक गई, जब ट्रंप प्रशासन ने भारतीय सामानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया, जिसमें रूस से कच्चा तेल खरीदने को लेकर लगाया गया 25 प्रतिशत दंडात्मक टैरिफ भी शामिल था।
रणनीतिक संकेत और वैश्विक तुलना
पीएम मोदी–ट्रंप की फोन पर बातचीत ऐसे समय हुई, जब विदेश मंत्री एस जयशंकर तीन दिवसीय दौरे पर अमेरिका रवाना हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, प्रतिस्पर्धी निर्यात अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में भारत पर अब अपेक्षाकृत कम टैरिफ है। अमेरिका ने इंडोनेशिया पर 19 प्रतिशत, वियतनाम और बांग्लादेश पर 20 प्रतिशत, जबकि चीन पर 34 प्रतिशत टैरिफ लगाया हुआ है।
पहले ही मिल चुके थे संकेत
हाल के दिनों में भारत के वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने संकेत दिए थे कि भारत–अमेरिका व्यापार समझौते पर सहमति लगभग बन चुकी है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर के बीच हुई वर्चुअल बैठक के बाद दोनों देशों के अधिकारी लगातार संपर्क में थे। अब ट्रंप के एलान के साथ यह साफ हो गया है कि भारत–अमेरिका ट्रेड डील औपचारिक ऐलान के बेहद करीब पहुंच चुकी है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।