Scrappage: महाराष्ट्र में पुरानी कार स्क्रैप करने पर बड़ी छूट, जानिए नई गाड़ी खरीदने वालों को क्या फायदा होगा?
Vehicle Scrappage Policy: महाराष्ट्र में नई गाड़ी खरीदना फायदेमंद हो गया है। महाराष्ट्र सरकार ने बजट 2026-27 में पुरानी गाड़ी स्क्रैप करने पर मोटर व्हीकल टैक्स में 30% तक की भारी छूट का एलान किया है। वहीं पुरानी गाड़ियों पर पर्यावरण टैक्स दोगुना होगा।
विस्तार
अगर आप महाराष्ट्र में रहते हैं और नई गाड़ी खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए एक शानदार खबर है। राज्य सरकार ने प्रदूषण कम करने और सड़कों पर नई गाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए एक नई पॉलिसी का एलान किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 2026-27 का बजट पेश करते हुए बताया कि अब पुरानी गाड़ी को स्क्रैप (कबाड़) करके नई गाड़ी खरीदने पर मोटर व्हीकल टैक्स में भारी छूट मिलेगी।
नई गाड़ी खरीदने पर कितनी मिलेगी छूट?
अगर आप अपनी पुरानी गाड़ी को स्क्रैप सेंटर में देकर नई गाड़ी खरीदते हैं तो सरकार आपको टैक्स में फायदे देगी। BS-4 या उससे नई गाड़ी स्क्रैप करने पर मोटर व्हीकल टैक्स में 16% की छूट मिलेगी। वहीं BS-3 या उससे पुरानी गाड़ी स्क्रैप करने पर मोटर व्हीकल टैक्स में 30% तक की बड़ी छूट दी जाएगी।
पुरानी गाड़ी रखने वालों को लगेगा झटका
सरकार एक तरफ नई गाड़ी लेने वालों को तोहफा दे रही है तो दूसरी तरफ पुरानी और ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाली गाड़ियों पर सख्ती भी कर रही है। अगर आपके पास BS-4 या उससे पुराने इंजन वाली प्राइवेट गाड़ी है तो अब आपको उस पर दोगुना पर्यावरण टैक्स चुकाना होगा।
क्रेन वाले वाहनों के लिए भी नया नियम
इसके अलावा, कमर्शियल इस्तेमाल में आने वाले 'क्रेन-माउंटेड' (क्रेन लगे हुए) वाहनों के लिए भी एक राहत दी गई है। अब ऐसे वाहनों के लिए मोटर व्हीकल टैक्स की अधिकतम सीमा 30 लाख रुपये तय कर दी गई है।
सरकार का मकसद क्या है?
सरकार का सीधा सा प्लान है कि सड़कों से ज्यादा तेल पीने वाली और धुआं उगलने वाली पुरानी गाड़ियों को हटाया जाए। इससे राज्य में प्रदूषण कम होगा और लोग नई, साफ और बेहतर माइलेज वाली गाड़ियों का इस्तेमाल करेंगे।
कमेंट
कमेंट X