TATA: कमर्शियल के बाद अब टाटा मोटर्स की पैसेंजर गाड़ियों के दाम बढ़ाने का एलान, पेट्रोल-डीजल कारें होंगी महंगी
Tata Motors Price Hike: टाटा मोटर्स की नई कार खरीदने का प्लान बना रहे ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। कमर्शियल गाड़ियों के बाद अब कंपनी ने 1 अप्रैल 2026 से अपनी पेट्रोल और डीजल (ICE) पैसेंजर कारों की कीमतों में बढ़ोतरी का एलान किया है। किस वजह से लिया गया फैसला और कितने बढ़ेंगे दाम जानिए पूरी डिटेल...
विस्तार
अगर आप टाटा मोटर्स की नई कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो ये खबर आपके लिए अहम है। देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स ने 1 अप्रैल 2026 से अपनी पैसेंजर गाड़ियों (पेट्रोल और डीजल मॉडल) की कीमतों में इजाफा करने का फैसला किया है। आइए समझते हैं कि कंपनी ने क्या एलान किया है और इसका आप पर क्या असर होगा:
कितनी बढ़ेंगी कीमतें?
टाटा मोटर्स अपनी इंटरनल कम्बशन इंजन (ICE) यानी पेट्रोल और डीजल से चलने वाली कारों की कीमतों में औसतन 0.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने जा रही है। हालांकि, कीमत में असल बढ़ोतरी आपके के जरिए चुने गए कार के मॉडल और वेरिएंट पर निर्भर करेगी।
आखिर क्यों महंगी हो रही हैं कारें?
कंपनी ने एक बयान में बताया है कि गाड़ियां बनाने में इस्तेमाल होने वाले पार्ट्स और कच्चे माल (इनपुट कॉस्ट) की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इस बढ़ते खर्च के बोझ को कम करने के लिए ही कारों के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के एमडी और सीईओ, शैलेश चंद्रा ने फरवरी में ही इस बात का इशारा दे दिया था। उन्होंने कहा था कि कंपनी पिछले लगभग एक साल से ज्यादा लागत का सामना कर रही है, जिसकी वजह से अब कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है।
कमर्शियल गाड़ियां भी होंगी महंगी
सिर्फ पैसेंजर कारें ही नहीं, कंपनी ने इसी हफ्ते अपनी कमर्शियल गाड़ियों (ट्रक, बस आदि) की कीमतों में भी 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का एलान किया था। यह नई कीमतें भी 1 अप्रैल 2026 से ही लागू होंगी।
बिक्री के मामले में टाटा मोटर्स का शानदार प्रदर्शन
एक तरफ जहां गाड़ियां महंगी हो रही हैं वहीं टाटा मोटर्स की गाड़ियों की बाजार में जबरदस्त डिमांड बनी हुई है। हाल ही में जारी किए गए कंपनी के बिक्री आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं। अगर फरवरी 2026 के आंकड़ों पर गौर करें तो कंपनी की कुल बिक्री 32 प्रतिशत के भारी उछाल के साथ 42,940 यूनिट्स पर पहुंच गई है, जो पिछले साल इसी महीने में 32,533 यूनिट्स थी। सिर्फ घरेलू बाजार में ही कंपनी ने अपना जलवा बरकरार रखते हुए 40,893 गाड़ियां बेची हैं, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 32.8 प्रतिशत ज्यादा है।
इसके अलावा, विदेशों में भी टाटा की गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ रही है, जहां कंपनी का एक्सपोर्ट 17.9 प्रतिशत बढ़कर 2,047 यूनिट्स हो गया है। पैसेंजर कारों के साथ-साथ कमर्शियल सेगमेंट में भी शानदार ग्रोथ देखने को मिली है। इस दौरान भारी ट्रकों (HCV) की बिक्री में 37.1 प्रतिशत और हल्के-मध्यम ट्रकों (ILMCV) की बिक्री में 34.1 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। इससे पहले जनवरी 2026 भी कंपनी के लिए बेहद शानदार रहा था, जब उसने इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) समेत कुल 71,066 गाड़ियां बेचकर साल-दर-साल 47.1 प्रतिशत की बंपर ग्रोथ दर्ज की थी।