Bihar: 1.70 लाख की घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा गया आयुक्त का पेशकार, निगरानी का बड़ा एक्शन; कितनी की हुई थी डील?
पटना निगरानी टीम ने मुंगेर आयुक्त कार्यालय के पेशकार मुकेश कुमार को 1.70 लाख रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया है। मामला बेगूसराय की सरकारी जमीन से जुड़ा है, जिसमें आदेश प्रभावित करने के लिए 5 लाख रुपये की मांग की गई थी।
विस्तार
पटना से आई निगरानी विभाग की टीम ने मुंगेर प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में तैनात पेशकार मुकेश कुमार को 1 लाख 70 हजार रुपये नकद घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई गुरुवार को डीएसपी पवन कुमार के नेतृत्व में की गई।
यह मामला बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल अंचल के पंचवीर पंचायत स्थित सरकारी जमीन से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, अवध तिरहुत रोड के पास स्थित करीब तीन कट्ठा चार धुर सरकारी आड़गरा (काजीहौस/फाटक) जमीन, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत करीब पौने दो करोड़ रुपये बताई जा रही है, को कथित रूप से फर्जी खतियान के आधार पर मु. जावेद व अन्य के नाम दाखिल-खारिज कर दिया गया था।
पढे़ं: सुकमा में तैनात सीआरपीएफ जवान की संदिग्ध मौत, गांव पहुंचते ही मचा मातम; तीन साल के बेटे ने दी मुखाग्नि
इस फैसले को पंचवीर पंचायत के पूर्व मुखिया नंदकिशोर प्रसाद ने पहले बलिया डीसीएलआर न्यायालय में चुनौती दी, लेकिन वहां भी आदेश उनके खिलाफ ही गया। इसके बाद उन्होंने प्रमंडलीय आयुक्त के न्यायालय में मामला दायर किया।
आरोप है कि सुनवाई के दौरान पेशकार मुकेश कुमार ने सरकारी जमीन को पुनः सरकारी घोषित कराने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की। वादी के अनुसार, पहले ही 3 लाख रुपये दिए जा चुके थे, जबकि गुरुवार को शेष 1.70 लाख रुपये देने पहुंचे थे। इससे पहले वादी ने पटना के निगरानी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और मुकेश कुमार को घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम उसे अपने साथ पटना ले गई।