Bihar: कैंसर का इलाज कराने जा रहे पिता-पुत्र की सड़क हादसे में मौत, बेटी की हालत गंभीर; घर में गूंज उठीं चीखें
दरभंगा-कमतौल स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें कैंसर का इलाज कराने दरभंगा जा रहे पिता और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बेटे की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दरभंगा-कमतौल स्टेट हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि पिता कैंसर से पीड़ित थे और बेटा उन्हें इलाज के लिए दरभंगा के कैंसर अस्पताल लेकर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
कैंसर का इलाज कराने जा रहे थे दरभंगा
यह हादसा दरभंगा-कमतौल स्टेट हाईवे पर शिशो बेलौना मुख्य सड़क के पास हुआ। बाइक पर महेंद्र साह, उनके बेटे संजय साह और संजय की बेटी काजल कुमारी सवार थे। महेंद्र साह कैंसर से पीड़ित थे और उनका इलाज कराने के लिए संजय उन्हें मधुबनी से दरभंगा के विवेकानंद कैंसर अस्पताल लेकर जा रहे थे।
हाइवा की टक्कर में पिता-पुत्र की मौत
रास्ते में तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महेंद्र साह और उनके बेटे संजय साह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
बेटी जिंदगी और मौत से जूझ रही
हादसे में संजय साह की बेटी काजल कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत इलाज के लिए दरभंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
स्थानीय लोगों की सूचना पर कमतौल और मब्बी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) भेज दिया। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को भी दे दी गई।
दिसंबर में होनी थी बेटी की शादी
डीएमसीएच पहुंची मृतक की नातिन शोभा कुमारी ने बताया कि उसके नाना महेंद्र साह कैंसर से पीड़ित थे। उनके मामा संजय साह इलाज के लिए उन्हें दरभंगा ला रहे थे। रास्ते में तीनों हादसे का शिकार हो गए। उसने बताया कि उसकी बहन काजल गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ रही है। शोभा ने बताया कि मृतक संजय साह की एक बेटी की शादी इसी साल दिसंबर में होने वाली थी। अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और दूसरी बेटी अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया। घायल युवती को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस फरार हाइवा चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है.