Bihar News: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, जिंदा जली मिली; आखिरी कॉल में बोली- दो लाख रुपये के लिए मार रहे हैं
समस्तीपुर के चकमेहसी थाना क्षेत्र में छह महीने पहले शादी करने वाली 22 वर्षीय ज्योति कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। परिजनों ने पति, सास, ससुर और देवर पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिहार के समस्तीपुर जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत का मामला सामने आया है। चकमेहसी थाना क्षेत्र के हजपुरवा गांव में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मृतका के परिजनों ने पति, सास, ससुर और देवर पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना से पहले नवविवाहिता द्वारा मायके में किया गया आखिरी फोन कॉल अब जांच का सबसे अहम आधार माना जा रहा है।
छह महीने पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान 22 वर्षीय ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। वह कल्याणपुर थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी 8 फरवरी 2026 को हजपुरवा गांव निवासी पंकज कुमार सिंह से हुई थी। पंकज उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद रेल मंडल में भारतीय रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। बताया जा रहा है कि वह घटना से दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर लौटा था। शादी के समय दोनों परिवारों ने खुशहाल जीवन की उम्मीद की थी, लेकिन महज छह महीने में यह रिश्ता दर्दनाक अंत तक पहुंच गया।
मौत से पहले मायके में किया था आखिरी फोन
परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे ज्योति ने घबराई हुई आवाज में मायके फोन किया। उसने बताया कि ससुराल वाले जमीन खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और उसके साथ मारपीट की जा रही है। परिवार के लोग उसे बचाने के लिए हजपुरवा जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि कुछ देर बाद सूचना मिली कि ज्योति आग से झुलस गई है और उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप- दो लाख रुपये के लिए की गई प्रताड़ना
मृतका के चाचा संजय कुमार ने बताया कि शादी के शुरुआती दो महीने तक सब कुछ सामान्य था। इसके बाद पति, सास, ससुर और देवर ने घर बनाने और जमीन खरीदने के नाम पर दो लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर ज्योति के साथ लगातार मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। परिजनों का कहना है कि ज्योति कई बार इस प्रताड़ना की जानकारी उन्हें दे चुकी थी।
छह महीने पहले दुल्हन बनी, अब अर्थी उठी
महज छह महीने पहले जिस घर से ज्योति दुल्हन बनकर विदा हुई थी, शनिवार को उसी घर से उसकी अर्थी उठी। मौत से पहले किया गया उसका आखिरी फोन कॉल अब पूरे मामले की जांच का सबसे महत्वपूर्ण सुराग माना जा रहा है।
शव की स्थिति पर उठाए सवाल
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने शव की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि शरीर का आगे का हिस्सा अधिक जला था, जबकि सिर के बाल और शरीर का पिछला हिस्सा काफी हद तक सुरक्षित था। घर के अंदर भी आग फैलने के स्पष्ट निशान नहीं मिले। परिजनों का आरोप है कि पहले ज्योति के साथ मारपीट की गई और बाद में साक्ष्य मिटाने के लिए उसके शरीर में आग लगाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पति हिरासत में, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही चकमेहसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस बोली- हर पहलू से होगी जांच
सदर डीएसपी-2 संजय कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।