Bihar News: दरभंगा पुलिस महकमे में हड़कंप! महिला सिपाही संग वायरल ऑडियो के बाद आईटी प्रोग्रामर पर जांच
दरभंगा पुलिस विभाग में उस समय हड़कंप मच गया जब एसएसपी कार्यालय के सीसीटीएनएस शाखा में तैनात आईटी प्रोग्रामर निशांत कुमार पर महिला सिपाहियों और महिला आईटी कर्मियों के उत्पीड़न के आरोप लगे। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो क्लिप और व्हाट्सऐप चैट के बाद मामला चर्चा में आ गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दरभंगा पुलिस महकमे में उस समय हड़कंप मच गया जब एसएसपी कार्यालय की सीसीटीएनएस शाखा में तैनात एक आईटी प्रोग्रामर पर महिला सिपाहियों और आईटी कर्मियों के उत्पीड़न के आरोप लगे। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो क्लिप और व्हाट्सऐप चैट के बाद पूरे पुलिस विभाग में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है। हालांकि वायरल ऑडियो और चैट की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मिथिला क्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
डीआईजी ने सिटी एसपी को सौंपी जांच
जानकारी के अनुसार, डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने पूरे मामले की जांच का जिम्मा सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी को सौंपा है। जांच के आदेश के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि जांच के बाद आईटी प्रोग्रामर निशांत कुमार पर कार्रवाई हो सकती है।
महिला कर्मियों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
सूत्रों के मुताबिक, आईटी प्रोग्रामर पर महिला कर्मियों से व्यक्तिगत नजदीकियां बढ़ाने का दबाव बनाने और विरोध करने पर दूरस्थ थानों में तबादले की धमकी देने के आरोप लगे हैं। वायरल ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर एक महिला कर्मी यह कहते हुए सुनाई दे रही है कि, “आप शादीशुदा हैं, आपको ऐसा नहीं करना चाहिए।” कुछ महिला कर्मियों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि विरोध करने पर उन्हें प्रताड़ना झेलनी पड़ी। एक महिला कर्मी ने दावा किया कि लहेरियासराय थाना से महज तीन दिनों के भीतर उनका तबादला कर दिया गया।
अब तक नहीं हुई लिखित शिकायत
हालांकि अब तक किसी भी महिला कर्मी ने इस मामले में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इसके बावजूद वायरल ऑडियो और चैट सामने आने के बाद विभागीय कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
आरोपी ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं आरोपों पर आईटी प्रोग्रामर निशांत कुमार ने अपनी सफाई देते हुए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि महिला कर्मियों से केवल विभागीय कामकाज को लेकर बातचीत होती है और उन्हें बेवजह बदनाम किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: भीषण गर्मी बनी जानलेवा! मजदूरी करते-करते सड़क किनारे गिरे शख्स की मौत, परिजनों ने कही बड़ी बात
एसएसपी बोले- शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई
दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने कहा कि यदि किसी महिला कर्मी की ओर से लिखित शिकायत मिलती है तो पूरे मामले की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि पुलिस विभाग में तैनात महिला सिपाहियों के बीच आईटी प्रोग्रामर निशांत कुमार का व्यवहार लंबे समय से चर्चा का विषय बना हुआ था। अब वायरल ऑडियो सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ता नजर आ रहा है। पुलिस विभाग की नजर अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।