Bihar: महादलित परिवार से मारपीट मामले में सीओ रविकांत पर प्राथमिकी दर्ज, जातिसूचक गाली देने समेत लगे ये आरोप
दरभंगा के मनीगाछी प्रखंड में महादलित परिवार के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली देने के आरोप में सीओ रविकांत के खिलाफ SC/ST थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोप है कि सीओ ने परिवार के सदस्यों को पीटा और थाने में बंद करवा दिया। मामले की जांच पुलिस कर रही है
विस्तार
दरभंगा के मनीगाछी प्रखंड के राजे गांव के वार्ड नंबर 5 में एक महादलित परिवार के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली देने के आरोप में सीओ रविकांत के खिलाफ SC/ST थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, सीओ रविकांत अपने दो सहयोगियों के साथ रेखा देवी के घर पहुंचे और कहा कि उनका घर सरकारी जमीन पर बना है और इसे खाली करना होगा। रेखा देवी ने बताया कि उनके पास घर बनाने का बॉसगीत पर्चा मौजूद है और उनका परिवार लंबे समय से इसी जमीन पर रहता है।
डीएमसीएच रेफर किया गया
हालांकि, आरोप है कि इस दौरान सीओ ने महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। जब महिला का पति सुकन चौपाल उन्हें बचाने आया, तो उसे भी पीटा गया और उसके चश्मे के टूटने से आंख को चोट आई। इसके बाद सीओ ने महिला और उसकी दो बेटियों सहित परिवार के अन्य सदस्यों को जबरन गाड़ी में बैठाकर थाना ले जाकर हाजत में बंद करवा दिया। जख्मी दो लोगों को इलाज के लिए पीएचसी भेजा गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया।
ये भी पढ़ें- Bihar News: मुख्यमंत्री आवास के बाहर क्यों आमरण अनशन पर बैठ गए जदयू प्रदेश महासचिव? पुलिस ने बढ़ा दी सुरक्षा
'गलत आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई'
SC/ST थानाध्यक्ष ज्वाला प्रसाद ने बताया कि जातिसूचक गाली और मारपीट के आरोप में सीओ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, सीओ रविकांत का कहना है कि रेखा देवी अपने पड़ोसी की जमीन पर घर बना रही थी। उनके अनुसार रेखा देवी के पास भी केवल 1 डिसमिल जमीन का पर्चा था, जिस पर उनका परिवार पहले ही घर बना चुका है। जमीन नापी के बाद विवाद सामने आया और उन्हें आदेश मिला कि विवादित जमीन खाली की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि रेखा देवी ने गलत आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।