Murder Case : दिल्ली में मामी और छह साल की बेटी को मार डाला, बिहार से आरोपी भांजा गिरफ्तार
Darbhanga News: दिल्ली में 20 फरवरी को मामी और छह साल की बेटी की हत्या कर फरार हुए दिनदयाल झा को दिल्ली पुलिस ने दरभंगा से गिरफ्तार किया। टेक्निकल ट्रैकिंग के आधार पर गिरफ्तारी हुई। प्रतिशोध और निजी कारणों को घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है।
विस्तार
दिल्ली में मामी और उसकी छह साल की बेटी की हत्या कर शव को पलंग के भीतर छिपाकर फरार होने वाले आरोपी भांजे दिनदयाल झा को दिल्ली पुलिस ने दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 20 फरवरी को वारदात को अंजाम देने के बाद दिल्ली से फरार हो गया था। वह हरिद्वार के रास्ते दरभंगा पहुंचा था। आरोपी मधुबनी जिला के झंझारपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। घटना की पुष्टि दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने की। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस दरभंगा आई थी और हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।
सरिता विहार थाना क्षेत्र में हुई थी घटना
घटना के संबंध में बताया गया कि मधुबनी जिला के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के हरदी गांव निवासी सुदर्शन कुमार दिल्ली के साऊथ ईस्ट सरिता विहार थाना क्षेत्र के आली विहार भीम कालोनी में तीन मंजिला मकान में अपनी पत्नी ज्योति और तीन बच्चों के साथ रहते थे। उसी कालोनी के दूसरे मकान में उनका भांजा दिनदयाल भी रहता था।
20 फरवरी को घटना के दिन सुदर्शन की दो बेटियां पड़ोस में गई हुई थीं। जब शाम को सुदर्शन घर लौटे तो दरवाजा बंद मिला। काफी प्रयास के बाद जब दरवाजा खोला गया तो दिवान पलंग उठा हुआ था और उसके भीतर पत्नी ज्योति और छोटी बेटी जानवी का शव पड़ा हुआ था। घटना के बाद से दिनदयाल झा फरार था और उसका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था।
पढ़ें- PUSU Election: छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्षीय भाषण के दौरान विरोध, संघ से अलग होकर क्यों बने निर्दलीय उम्मीदवार?
टेक्निकल ट्रैकिंग से दरभंगा तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद दिल्ली पुलिस की टेक्निकल सेल लगातार आरोपी के मोबाइल की ट्रैकिंग कर रही थी। जांच में पता चला कि वह दिल्ली से हरिद्वार और वहां से दरभंगा पहुंचा था। दिल्ली पुलिस लगातार उसका पीछा कर रही थी। गुरुवार को दिल्ली पुलिस ने दरभंगा पुलिस के सहयोग से नगर थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
फटकार के बाद प्रतिशोध में हत्या की आशंका
घटना के विषय में यह भी बताया गया कि सुदर्शन ने दिनदयाल को किसी बात को लेकर फटकार लगाई थी। पुलिस के अनुसार इसी प्रतिशोध में दिनदयाल ने अपनी मामी और उसकी छह साल की मासूम बेटी की हत्या कर दी और फरार हो गया। यह भी कहा जा रहा है कि मामी के साथ उसका गहरा लगाव भी एक कारण बताया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.