Bihar News: दरभंगा में कार-बाइक की जोरदार टक्कर, बाइक में लगी आग; तीन घायल अस्पताल में भर्ती
दरभंगा के बिरौल-शिवनगर घाट स्टेट हाईवे-56 पर कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में भीषण हादसा हो गया। टक्कर के बाद बाइक में आग लग गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
बिरौल-शिवनगर घाट स्टेट हाईवे-56 पर गुरुवार को कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में भीषण सड़क हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में आग लग गई और वह बीच सड़क पर धू-धू कर जलने लगी। वहीं कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि बाइक सवार और कार सवार लोगों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचा ली।
घटना की सूचना मिलते ही बिरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जल रही बाइक की आग बुझाई। साथ ही घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में घायल लोगों की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के सुजीत कुमार, राम कुमार पंडित और बिरौल थाना क्षेत्र के नवटोलिया निवासी सतीश पासवान के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शिवनगर घाट के पास कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार दूर जा गिरा और बाइक आग का गोला बनकर सड़क पर जलने लगी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इधर, घटना के समय यातायात थाना की पुलिस टीम भी पास से गुजर रही थी। टीम में एसआई अंजनी कुमारी, चालक संतोष कुमार और गृह रक्षक सज्जन कुमार शामिल थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसआई अंजनी कुमारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
ये भी पढ़ें- Bihar Politics LIVE: अमित शाह बोले- स्वर्णिम रहा CM नीतीश का कार्यकाल; और किस दिग्गज ने क्या कहा?
बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे तुरंत अनुमंडल अस्पताल बेनीपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर लिया है।
उन्होंने बताया कि घायलों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के थानों और स्थानीय लोगों की मदद से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं घायलों को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच दरभंगा भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है।