Bihar: थानेश्वर मंदिर में महिला होमगार्ड से बदसलूकी! वर्दी पकड़कर गोली मारने की धमकी का आरोप, युवक गिरफ्तार
समस्तीपुर के थानेश्वर स्थान मंदिर के पास सावन की तीसरी सोमवारी पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात 21 वर्षीय महिला होमगार्ड जवान से बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में बाइक ले जाने से रोकने पर युवक ने महिला जवान से गाली-गलौज की, वर्दी को सीने के पास से पकड़ लिया और गोली मारने की धमकी दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सावन की तीसरी सोमवारी पर समस्तीपुर के प्रसिद्ध थानेश्वर स्थान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एक महिला होमगार्ड जवान से बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में बाइक ले जाने से रोकने पर एक युवक ने महिला जवान से गाली-गलौज की और उसकी वर्दी को सीने के पास से पकड़ लिया। इतना ही नहीं, आरोपी पर महिला होमगार्ड को गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप है। हंगामा बढ़ने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया। महिला जवान के आवेदन पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्रतिबंधित क्षेत्र में बाइक ले जाने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मोहिउद्दीनगर थाना क्षेत्र की रहने वाली 21 वर्षीय होमगार्ड जवान रिया कुमारी सोमवार को यातायात थाना से जारी कमान पत्र के आधार पर थानेश्वर स्थान मंदिर के पास पैदल पुल के समीप सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थीं। उनके साथ होमगार्ड जवान चांदनी कुमारी भी ड्यूटी कर रही थीं।
प्राथमिकी में दिए गए आवेदन के अनुसार, करीब 11 बजे एक बाइक सवार युवक प्रतिबंधित क्षेत्र में मोटरसाइकिल लेकर जाने का प्रयास कर रहा था। दोनों महिला जवानों ने उसे रोककर आगे जाने से मना किया। आरोप है कि बाइक रोकने से नाराज युवक ने दोनों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और अपनी पहचान का रौब दिखाने लगा।
वर्दी पकड़कर अभद्र व्यवहार और गोली मारने की धमकी का आरोप
महिला होमगार्ड जवान के आवेदन के मुताबिक, युवक को दोबारा रोकने पर उसने कथित तौर पर उनकी वर्दी को सीने के पास से पकड़ लिया और अभद्र व्यवहार किया। महिला जवान ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उनकी लज्जा भंग करने का प्रयास किया। इसके साथ ही उसे गोली मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के दौरान हंगामा बढ़ने पर आसपास ड्यूटी कर रहे अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसे नगर थाने ले जाया गया। घटना के बाद महिला होमगार्ड जवान ने आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
आरोपी की हुई पहचान, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान घटहो थाना क्षेत्र के मानिकपुर निवासी रमण ठाकुर के 30 वर्षीय पुत्र निरंजन कुमार के रूप में हुई है। महिला होमगार्ड ने आरोपी पर ड्यूटी में बाधा डालने, गाली-गलौज करने, दुर्व्यवहार, महिला की गरिमा भंग करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया
नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि महिला होमगार्ड के आवेदन के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।