सहरसा में फिल्मी स्टाइल से लूट: ओवरटेक कर व्यापारी को मारी गोली, 38 हजार रुपये लूटे; पुलिस जांच में जुटी
सहरसा में बैजनाथपुर क्षेत्र के सपहा गांव के पास बदमाशों ने मवेशी व्यापारी मो. इसराइल को गोली मारकर 38,500 रुपये लूट लिए। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है, पुलिस जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
विस्तार
सहरसा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। रविवार को बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के सपहा गांव के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक मवेशी व्यापारी को गोली मारकर 38,500 रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
घायल की पहचान सहरसा नगर निगम के वार्ड संख्या 38 निवासी 55 वर्षीय मो. इसराइल के रूप में हुई है, जो खस्सी-बकरी के कारोबार से जुड़े हैं। घटना के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए बुद्ध मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, मो. इसराइल अपने बेटे मोहम्मद मोईउद्दीन के साथ बाइक से मधेपुरा जिले के बरसम इलाके में बकरी खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान सपहा गांव के पास दूसरी बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।
पढ़ें: बिहार के इस शहर 25 करोड़ की लूट: कस्टम अधिकारी बनकर उड़ाया 17 किलो सोना; फिल्मी अंदाज में दिया घटना को अंजाम
बदमाशों ने फायरिंग कर बाइक रुकवाई और पैसे छीनने लगे। विरोध करने पर अपराधियों ने इसराइल की बांह में गोली मार दी, जो आर-पार हो गई। इसके बाद वे 38,500 रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।