Bihar: घर में थी शादी, दरधा नदी में डूबने से बालक की मौत, खुशी का माहौल मातम में बदला
Bihar: जहानाबाद के डोहीहा गांव में शादी समारोह के दौरान 10 वर्षीय बालक राजवीर कुमार की दरधा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। तिलक कार्यक्रम के बाद वह दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था, जहां गहरे पानी में जाने से यह हादसा हुआ। घटना के बाद गांव में खुशी का माहौल मातम में बदल गया और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विस्तार
जहानाबाद के परस बीघा थाना क्षेत्र के डोहीहा गांव में दर्दनाक हादसे में एक 10 वर्षीय बालक की दरधा नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में जहां पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अचानक मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान पुनपुन थाना क्षेत्र के जटडुमरी गांव निवासी राजेश मांझी के पुत्र राजवीर कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि राजवीर अपनी ननिहाल डोहीहा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। वह अपनी ममेरी बहन के तिलक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद घर लौटा था।
घर से अचानक लापता हुआ बालक
परिजनों के अनुसार तिलक कार्यक्रम के बाद सभी लोग थकान के कारण घर में आराम कर रहे थे। इसी दौरान जब परिवार के लोग जागे तो राजवीर घर में नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने गांव में उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। कुछ देर बाद गांव में यह सूचना फैली कि नदी किनारे एक बच्चे के कपड़े पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आशंका के आधार पर दरधा नदी में खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद नदी से बालक का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही परस बीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस हादसे के बाद परिजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया है।
ये भी पढ़ें: स्कूल में गैरहाजिरी पड़ी भारी; जहानाबाद में 11 शिक्षक निलंबित, कई पर लटकी बर्खास्तगी की तलवार
दोस्तों के साथ नदी जाने के दौरान हुआ हादसा
परिवार के लोगों ने बताया कि बच्चा काफी होनहार था। वह अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से नदी की ओर चला गया था। साथ गए बच्चों को जब वह नदी में स्नान करते देख रहा था, तो वह भी नदी में कूदकर स्नान करने लगा और गहरे पानी में चले जाने के कारण उसकी डूबकर मौत हो गई।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.